करंट की चपेट में आकर महिला की मौत
अकराबाद। क्षेत्र के गांव जिरौली हीरासिंह के माजरा महातरपुर में मंगलवार देर शाम को महिला की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार गांव का मनोज कुमार जिरौली हीरासिंह स्थित बिजलीघर पर संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत है। मंगलवार को मनोज किसी काम से सिकंदराराऊ गया हुआ था, जबकि घर पर उनकी 32 वर्षीय पत्नी संध्या अकेली थी। घर में काम करने के दौरान संध्या बिजली के तार के चपेट में आ गई। कुछ समय बाद उसका आठ वर्षीय बेटा देव पढने के बाद घर पहुंचा तो मां को अचेत अवस्था में पड़ा देख उसकी चीख निकल पड़ी। बच्चे की चीख पुकार सुनकर परिजन व आस-पड़ौस के लोग एकत्रित हो गए। परिजनों ने लाइन को बंद किया और आनन-फानन में पहले अकराबाद के एक अस्पताल में फिर अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों से संध्या को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका एक बेटे की मां थी।