रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

योग मानवता को मिला हुआ ईश्वरीय वरदान है

इगलास। योगमय विश्व बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास करते हुए नशा मुक्त युवा भारत के निर्माण हेतु परोपकार सामाजिक सेवा संस्था, तोछीगढ़ द्वारा गांव बसेली में योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें ग्रामीण युवाओं ने खूब बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। युवाओं ने योग विद्याएं सीखने के साथ ही रोजाना अपने घर पर योग करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक राजेश कुमार ने पादहस्तासन, वक्रासन, वृक्षासन, ताड़ासन, पदमासन, अर्धचक्रासन, हलासन आदि योग सिखाए तथा साथ ही युवाओं को उन योग क्रियाओं से होने वाले लाभों के बारे में भी अवगत कराया।

संस्था के अध्यक्ष जतन चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि योग एक ऐसा आध्यात्मिक अभ्यास है जो मन की वृत्तियों पर नियंत्रण करता है। योग शरीर तथा मन के संबंध में संतुलन बनाए रखने की क्रिया है। योग, स्वस्थ जीवन शैली और बेहतर जीवन जीने में हमारी मदद करता है। योग का नियमित अभ्यास हमारे शरीर को सही आकार देता है। नियमित योग करने से सांस संबंधी, उच्च व निम्न रक्तदाब, अवसाद, मनोविकार आदि कई तरह की बीमारियों में काफी आराम मिलता है। नियमित योग करने से हम शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। योग हमारे बोद्धिक स्तर को सुधार कर हमारे आत्मविश्वास में भी वृद्धि करता है।

योग के अनगिनत लाभ हैं, हम यह कह सकते हैं कि ‘योग मानवता को मिला हुआ एक ईश्वरीय वरदान है’। जतन चौधरी ने युवाओं को योग के अलावा आज रक्तदान दिवस के अवसर पर रक्तदान के प्रति भी जागरूक किया और कहा कि एक यूनिट रक्तदान करने से कई लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से शरीर कमजोर नहीं होता अपितु और अधिक स्वस्थ हो जाता है। रक्तदान करने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और शरीर को नई ऊर्जा मिलती है। 18 साल से 60 साल तक की उम्र के पुरुष व महिलाएं रक्तदान कर सकते हैं। एक साल में कम से कम 2 बार रक्तदान करना चाहिए। हम स्वयं भी 42 बार रक्तदान कर चुके हैं और पूर्ण रूप से स्वस्थ भी हैं। इस अवसर पर राहुल सिसोदिया, दयानंद पाठक, शिवम पाठक, आरिफ खान, शारिफ, अंशु, अमित, अमन, रवि, विशाल, करन, निर्मल, शिवा, अभय, संदीप, सौरभ, केशव, मुरली, विजय, दीपक, धीरज कुमार आदि थे। ग्रामीणोें ने इस कार्य की सराहना भी की।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!