रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

युवक का सोशल मीडिया पर तमंचा लहराते हुए का वीडियो वायरल

लोधा । थाना क्षेत्र के एक युवक को सोशल मीडिया पर तमंचा लहराने का वीडियो वायरल करना खासा महंगा पड़ गया है। मामले में पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचा लहराते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। जिसको लेकर ग्रामीणों में भय व्याप्त है। वायरल वीडियो की जांच करने पर मामला थाना क्षेत्र के गांव डिगसी निवासी समीर पुत्र जलालुद्​दीन का निकला। ग्रामीणों ने बताया कि वायरल वीडियाे में मौजूद युवक गांव में दबंगई दिखाते हुए अक्सर तमंचा लेकर घूमता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कांस्टेबल सतेंद्र धाकरे की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी गांव से फरार है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

महिला के साथ ससुरालीजनों ने की मारपीट, दवा खिलाकर कराया गर्भपात

गभाना। क्षेत्र के गांव गोरना रसीदपुर में महिला के साथ ससुरालीजनों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट करते हुए दवा खिलाकर जबरन गर्भपात कर दिया।

इस मामले में अंजली पत्नी अांशू ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी तीन माह पूर्व गोरना रसीदपुर के आंशू के साथ कोर्ट मैरिज हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन तो ससुराल वालों का व्यवहार ठीक रहा। लेकिन कुछ दिन बाद ही पति के अलावा ससुर विजयपाल, सास मछला देवी, ममिया सास, ननद लक्ष्मी व खुशी आदि दहेज की मांग करते हुए उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। इस बीच वह गर्भवती हो गई। जिस पर ससुरालीजनों ने कोई दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। आरोप है कि उन्होंने चार दिन तक बिना खाना पीना दिए उसे कमरे में बंद रखा। किसी तरह वह कमरे से बाहर निकलकर थाने पहुंची। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।

किशोरी को बहला-फुसलकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज

गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव से नामजद किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया।

मामले में किशोरी के पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि 14-15 मई की रात्रि में उसकी बेटी को बुलंदशहर के थाना शिकारपुर के चांदौख निवासी आंशू बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। बेटी घर से सोने-चांदी के जेवरात व पचास हजार रुपये की नगदी भी ले गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!