सड़क हादसे में मृत बच्ची का कब्र से निकवाया शव, हुआ पोस्टमार्टम
अलीगढ़। थाना जवां क्षेत्र में एक माह पूर्व सड़क हादसे में ट्रैक्टर की चपेट में आकर मृत पांच वर्षीय बच्ची का शव सोमवार को कब्र से निकलवाया गया। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जवां क्षेत्र के गांव खुर्द खेड़ा निवासी सुनील कुमार की पांच वर्षीय बेटी मीनाक्षी की 15 अप्रैल को ट्रैक्टर पर लटकने के दौरान गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसे इलाज को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था। जहां बच्ची की मौत हो गई थी। इस बीच बच्ची के शव को परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई किए ही कब्र में दफना दिया था। हादसे के दो दिन बाद परिजनों ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। बरौली चौकी इंचार्ज अजेंद्र कुमार ने इस प्रकरण में जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ है। जिसे बिना पोस्टमार्टम के ही कब्र में दफना दिया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए बच्ची के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने के लिए एसडीएम कोल रविशंकर को आदेश दिए। इसके अनुपालन में पुलिस की मौजूदगी में पहले बच्ची के शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया, फिर उसका पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव को फिर से कब्र में दफना दिया गया है।