छत के ऊपर होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर युवक की मौत
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव बुलाकीपुर में छत के ऊपर होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष पनप गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बुलाकीपुर निवासी परमाल सिंह का 28 वर्षीय बेटा संजय कुमार शुक्रवार सुबह पड़ौसी की छत से कोई सामान लेने के लिए गया। तभी वह छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस कर गिर पड़ा। जानकारी होने पर परिजन उसे गंभीर हालत में उपचार को अस्पताल ले गए। जहां पर डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ रोष पनप गया। ग्रामीणों का आरोप था कि घरों के ऊपर से झुलते हुए बिजली के तार गुजर रहे हैं।
कई बार शिकायतें करने के बाद भी तारों को ठीक नहीं कराया गया है। विद्युत विभाग की लापरवाही का खामियाजा युवक को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा है। सूचना पाकर इलाका पुलिस के अलावा एसडीएम खैर दिग्विजय सिंह, सीओ राजीव द्विवेदी, एसडीओ प्रवीण कुमार मौके पर पहुंच गए और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। एसडीएम ने विद्युत विभागों को घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाने के साथ जर्जर तारों को दुरूस्त कराने के निर्देश विद्युत विभाग की टीम को दिए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में काेहराम मच गया। संजय एक बेटा के पिता थे।