झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से युवक की मौत
खैर। थाना क्षेत्र के गांव बिसारा में झोलाछाप डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
बिसारा निवासी मनीराम पुत्र घनश्याम के अनुसार उसके 22 वर्षीय भाई जयप्रकाश को सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत थी। जिस पर वह गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर से दवा लेने चला गया। डॉक्टर ने भाई के इंजेक्शन लगा दिया। कुछ देर बाद ही उसे उल्टियां होने के साथ ही शरीर इठने लगा। सोमवार शाम को डॉक्टर ने दूसरा इंजेक्शन और लगा दिया। जिससे उसकी हालत और बिगड़ने लगी। परिजन से कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक जयप्रकाश एक बच्चे के पिता थे। इस संबंध में इंस्पेक्टर खैर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। मामले में अभी तक कोई भी तहरीर नहीं मिली है