युवाओं ने यूपी पुलिस परीक्षा का पेपर लीक होने का लगाया आरोप, विधायक को दिया ज्ञापन
गभाना। तहसील क्षेत्र के युवाओं ने यूपी पुलिस परीक्षा का पेपर लीक होने पर रोष जताते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बरौली विधायक को सौंपकर पुन: परीक्षा कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के सैंकड़ों युवा सोमवार दोपहर को एकत्रित होकर तहसील मुख्यालय पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने बरौली विधायक व पूर्व मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन दिया। जिसमें उन्होंने बताया कि 17 व 18 फरवरी को यूपी पुलिस की भर्ती परीक्षा आयोजित कराई गई थी। उन्होंने कड़ी मेहनत करके परीक्षा की तैयारियां की, लेकिन चारों पालियों के पेपर परीक्षा से पूर्व ही टेलीग्राम पर प्रसारित हो गए। जिससे तमाम अभ्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने परीक्षा में धांधलेबाजी करने वाले लोगों का पर्दाफाश कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करने व फिर से परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग की है। इस दौरान विराट गौतम, नरेंद्र कुमार, मोहित चौधरी, विनय चौधरी, अभिषेक ठाकुर, अवनेश कुमार, निक्की ठाकुर, अमित कुमार, शाहरूख, मोहित नायक आदि समेत सैकड़ों युवा मौजूद रहे।