सड़क हादसे में घायल युवक ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
गभाना। कटरा-बरौली मार्ग पर गांव बलवंत नगलिया के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में घायल युवक ने गुरुवार को मेडिकल काॅलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी सुशील कुमार का 22 वर्षीय बड़ा बेटा मोहित कुमार रविवार को बाइक से बुलंदशहर के पहासू से गांव लौट रहा था। तभी कटरा-पहासू मार्ग पर बलवंत नगलिया के पास किसी वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई थी। जिसमें मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे गंभीर हालात में अलीगढ़ जवाहर लाल नेहरू मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया था। जहां पर गुरुवार को मोहित ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक मोहित दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
————
12 हरे पेड़ काटने पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव कोरह रूस्तपुर में वन विभाग की टीम ने हरे शीशम के 12 पेड़ों को काटते हुए दो लोगों को मौके पर पकड़ लिया। मामले में वन रक्षक ने खेत मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ वृक्षों का संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है।
खैर रेंज के वनरक्षक अखिलेश कुमार ने थाने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि बुधवार की सुबह कौरह रूस्तमपुर से सूचना मिली कि सुमित अपने खेतों से शीशम के हरे-भरे पेड़ों का अवैध कटान करा रहा है। सूचना पर वह बीट प्रभारी जगन्नाथ माली के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने दो लोग शीशम के पेड़ों को काटते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम इंतजार अली निवासी रायट थाना लोधा व परवेज खां निवासी रामपुर-शाहपुर थाना चंडौस बताया। उनके पास से पेड़ काटने का कटर व कुल्हाड़ी बरामद हुई हैं। उन्होंने बताया कि शीशम के 12 पेड़ों का अवैध कटान कराया गया है। इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ वृक्षों के संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
————-
मां-बेटा व बेटी के साथ नामजदों ने की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में मां, बेटा व बेटी के साथ नामजदों ने मारपीट करते हुए घायल दिया। पीड़िता ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ निवासी अनिल कुमार की पत्नी राजकुमारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि मंगलवार शाम को वह पशुओं के लिए खेतों से चारा लेकर आई तो देखा कि गांव के ही नवीन उर्फ वीनेश, धर्मेंद्र व विकास घर में घुसकर उसके नबालिग बेटा व बेटी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। जब उसने विरोध किया तो उक्त नामजदों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ भी मारपीट कर डाली। मारपीट में वह और उसके दोनों बच्चे घायल हो गए। इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आरोपियों की तलाश में जुटी है।
—————
ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त कर सामान चोरी कर ले गए चोर
गभाना। क्षेत्र के गांव कोरहरूस्तमपुर में किसान के खेत पर नलकूप के लिए रखे ट्रांसफार्मर को चोर क्षतिग्रस्त कर उसमें से कीमती सामान चोरी कर ले गए।
कोरह रूस्तमपुर बिजलीघर पर तैनात जेई धीरेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात में काेरह रूस्तमपुर के किसान ज्वालाप्रसाद के नलकूप पर रखे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरों ने खंबाें से नीचे गिराकर क्षतिग्रस्त कर डाला तथा उसमें से कोयल व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

जानलेवा हमले में वांछित एक अरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने पिछले दिनों रायपुर में हुए जानलेवा हमले के मामले वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि रायपुर निवासी कोमल प्रसाद जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहा था। जिसे गुरुवार को पुलिस टीम ने हसनपुर-चिलावटी तिराहा स्थित शनिदेव मंदिर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।