रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

डीएम का चढ़ा पारा, कानून गो व लेखपाल को निलंबित करने का दिया आदेश

अलीगढ़। जनपद की सभी पांचों तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें अधिकारियों ने बैठकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण कराया।

कोल तहसील में डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में फरियादी सुरेश सिंह ने शिकायत करते बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व तत्कालीन एसडीएम संजीव कुमार ओझा ने मेड़बंदी कराए जाने का कोर्ट से आदेश किया था, लेकिन वह पिछले एक साल से कानूनगो व लेखापाल से मदद की गुहार लगा रहा है, लेकिन उसकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। जिस पर डीएम का गुस्से में पारा चढ़ गया। उन्होंने एसडीएम रविशंकर को कानून गो अशोक कुमार व लेखपाल छेरत अभिषेक कुमार को निलंबित करने के आदेश दिए। कार्यक्रम में एसएसपी कलानिधि नैथानी समेत तमाम जिलास्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

एसडीएम ने सुनी फरियादियों की फरियाद

गभाना तहसील सभागार में एसडीएम केबी सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 42 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। जिसमें से मौके पर छह फरियादियों को मौके पर राहत प्रदान कर दी गई, जबकि शेष बचे प्रार्थना पत्रों को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ निपटारा कराने के निर्देशों के साथ संबंधित विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को अधिकारी व कर्मचारी गंभीरता से लेते हुए उनका समय से निस्तारण कराएं, जिससे फरियादी को बेवजह भटकने पर मजबूर न होना पड़े। यहां सीआे सुमन कनौजिया, तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार अजेंद्र तौमर, ईओ गभाना दीपक शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

23 शिकायतों में से तीन का मौके पर हुआ निस्तारण

इगलास तहसील में एसडीएम महिमा चौधरी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उनके समक्ष अवैध कब्जे, चकरोड़, राशन, पेंशन, बिजली समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 23 शिकायती प्रार्थना पत्र आए। जिसमें से मौके पर तीन शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। शेष बची शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। कार्यक्रम में तहसीलदार डॉ. गजेंद्रपाल सिंह, सीओ विशाल चौधरी, नायब तहसीलदार श्वेता जिंदल, मयंक गोयल आदि मौजूद रहे।

केवल दो शिकायतों का मौके पर हो सका निस्तारण

खैर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम मोहम्मद अमान ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 24 शिकायतें आईं। जिसमें से मौके पर मात्र दो ही शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। एसडीएम ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका जल्द ही निस्तारण किया जाए। निस्तारण के बाद एक बार शिकायतकर्ता को संतुष्ट जरूर किया जाए, जिससे वह अन्य पटल पर अपनी शिकायत दर्ज न कराए। यहां पर सीओ राजीव द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के तहसीलस्तरीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

एनेक्सी भवन में एडीएम फाइनेंस ने सुनी समस्याएं

अतरौली के एनेक्सी भवन में अायोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम फाइनेंस मीनू राणा ने पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। यहां पर कुल 53 फरियादी अपनी शिकायतों को लेकर पहुंचे। जिसमें से चार फरियादियों को मौके पर राहत प्रदान कर दी गई, जबकि शेष बचे प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को जल्द ही निपटारा कराने के निर्देशों के साथ सौंप दिया गया। कार्यक्रम में एसडीएम अनिल कटियार, तहसीलदार ऊषा सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!