ट्रेन में कर रहे थे बिना टिकट सफर, चेकिंग में पकड़े गए 245 यात्री
- अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर अलीगढ़ और टूंडला की संयुक्त टीम ने की सुबह से लेकर देर रात तक चेकिंग, 3.48 लाख का जुर्माना वसूला
अलीगढ़। दिल्ली हावड़ा रेलवे ट्रैक पर चलने वाली ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा बिना टिकट सफर कर रेलवे को रोजाना हजारों रुपये का राजस्व का घाटा पहुंचाया जा रहा है। इसको लेकर शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के आला अफसरों के निर्देश पर अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला एवं डिप्टी अमित सुदर्शन के नेतृत्व में सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर टीमें अप और डाउन लाइन पर आने वाली ट्रेनों की चेकिंग में जुट गई। चेकिंग को देखकर ट्रेन में सवार बिना टिकट यात्रियों में हड़कंप मच गया और वह चलती ट्रेन से कूद कूद कर भागने लगे। दिल्ली गाजियाबाद के रास्ते अलीगढ़ पहुंची ईएमयू पलवल पैसेंजर ट्रेन में करीब 60 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा गया।
इसके अलावा अन्य ट्रेनों में चेकिंग के दौरान कुल 245 यात्री बिना टिकट पकड़े गए। इन सभी से 3.48 लाख रुपये बतौर जुर्माना वसूला गया है। टीम ने तीन अवैध वेंडर और छह अनियमित वेंडर को पकड़ा है जिनके खिलाफ डिवीजन में पत्र भेजकर कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
वेंडर बिना टोकन की ट्रेनों में खानपान सामग्री की बिक्री कर रहे थे। मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी अलीगढ़ संजय शुक्ला ने बताया कि बिना टिकट यात्रियों के खिलाफ रेलवे का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से टिकट लेकर ही सफर करने की अपील की है, अन्यथा बिना टिकट मिलने पर उनके खिलाफ जुर्माना एवं जेल भेजने समेत अन्य कड़ी कार्रवाई की जाएगी।