85 प्लस एवं दिव्यांग मतदाताओं ने अपने घरों पर पोस्टल बैलेट से किया मतदान
- जनपद में 252 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग
अलीगढ़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद में 85 साल से ऊपर व दिव्यांग मतदाता जो कि मतदान केंद्रों पर जाने में असमर्थ हैं, ऐसे मतदताओं काे घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराया गया। डीएम ने भी अपनी देख-रेख में एक बुर्जुग महिला मतदाता को मतदान कराया।
बता दें कि चुनाव आयोग ने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने व हर मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विशेष पहल शुरू की है। आयोग ने 85 प्लस आयु व 40 फीसदी या उससे अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को घर से पोस्टल बैलेट से मतदान करने सुविधा प्रदान की है। इसको लेकर जनपद में शुक्रवार को कलैक्ट्रेट से चिन्हित मतदाताओं को मतदान कराने के पोलिंग पाटियों को रवाना किया गया। पोलिंग पार्टी ने चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट के माध्यम से वीडियोग्राफी कराकर मतदाना कराया।
डीएम विशाख जी ने गभाना क्षेत्र के गांव चूहरपुर में मतदान कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर अपनी देख-रेख में बुजुर्ग महिला मतदाता ओमवती देवी को मतदान कराया। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर पर मतदान की सुविधा देना आयोग की उनके प्रति देखभाल और सम्मान की अभिव्यक्ति है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं प्रभारी अधिकारी मतपत्र अखिलेश यादव ने बताया कि अलीगढ़ लोकसभा संसदीय क्षेत्र के लिए 266 दिव्यांग एवं 85 प्लस बुजुर्ग मतदाताओं को मतपत्र के माध्यम से मतदान के लिए चिन्हित किया गया है। मतदान कराने के लिए 01 वीडियोग्राफर, सुरक्षा कर्मी एवं 02 मतदान अधिकारियों एवं 01 माइक्रो ऑब्जर्बर की 05 सदस्यीय 29 टीम लगाई गई हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 252 मतदाताओं से मतदान करा लिया गया है, शेष बचे 14 मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग कराने के लिए शनिवार को पोलिंग पार्टियां भेजी जाएंगी। उन्होंने बताया कि कोल विधानसभा में 42 में से 40, शहर विधानसभा में 45 में से 42 बरौली विधानसभा में 45 में से 43, अतरौली विधानसभा में 53 में से 49 व खैर विधानसभा में 81 में से 78 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।