भैंस चोर को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक भैंस चोर को अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी ने पिछले दिनों अपने साथी के साथ मिलकर जमालपुर सिया से एक किसान की दो दुधारू भैंस चोरी करने की घटना को अंजाम दिया था।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार ने बताया कि शुक्रवार को कलुवा चौकी प्रभारी कुलदीप मलिक क्षेत्र में मय फाेर्स के शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गस्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर गांव मदनपुर छबीला में बंबा की पुलिया के पास से एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम राशिद उर्फ छोटू पुत्र नबाब निवासी आजादनगर नगला पटवारी थाना क्वार्सी बताया। जामा तलाशी में उसके कब्जे से अवैध तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पिछले दिनों जमालपुर सिया से एक किसान की दो भैंस को वह अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी कर ले गया था। जिसके बाद उसने बाद उसने दोनों भैंस को काटकर उसका मांस बेच दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी काफी शातिर किस्म का चोर है, जो कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भैंस चोरी की घटना को अंजाम देता था। उन्होंने बताया कि आराेपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके साथी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।