तीन भारी वाहन आपस में भिड़े, ट्रक और टैंकर में लगी आग दो लोगों की जलकर हुई मौत
अलीगढ़। जवां थाना क्षेत्र में गांव नगोला के पास मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर तीन वाहनों की अापस में भिड़ंत हो गई। हादसे में पशुओं से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिसमें तीन भैंस की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक ट्रक और केमीकल से भरे टैंकर में भीषण आग लग गई। जिसमें एक ट्रक चालक समेत दो लोगों की जलकर मौत हो गई। दो वाहनों में आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कई घंटों के बाद कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
ज्वलनशील कैमीकल से भरा हुआ था टैंकर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जवां के गांव नगौला के पास अलीगढ़-मुरादाबाद हाईवे पर यह हादसा हुआ है। दोपहर के समय पशुओं से भरा ट्रक अलीगढ़ की ओर आ रहा था, जबकि टैंकर सामने से दूसरी ओर जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर दोनों आमने सामने आ गए और उनमें भिड़ंत हुई। हादसे में पशुओं से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। जिसमें तीन भैंस की मौत हो गई। तभी सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक भी टैंकर से भिड़ंत हो गई। टैंकर में ज्वलनशील कैमीकल भरा हुआ था। आमने-सामने की भीषण टक्कर के कारण कैमिकल में आग लग गई और हालात बेकाबू हो गए। वहीं दोनों गाड़ियों के मौजूद लोग केबिन में ही फंस गए।
दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
घटना के बाद दोनों गाड़ियों में भीषण आग लग गई। मौके पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची और तत्काल आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। लेकिन कैमिकल में आग लगने के कारण आग बुझ ही नहीं रही थी और फायर की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद क्रेन की मदद से गाड़ियों को सड़क से किनारे कराया गया। वहीं आग बुझाने के बाद पुलिस मामल की जांच में जुटी है और घायलों और मृतकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
दो लोगों की हुई मौत
हादसे के बाद दोनों की गाड़ियों के चालक अपने केबिन में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए। जिसके बाद उसकी केबिन के अंदर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने आग बुझाने के बाद दोनों शव को बरामद कर लिया है, पुलिस के अनुसार हादसे के कारण दोनों वाहन बुरी तरह से जल गए हैं।घटना के बाद मौके पर एसपी सिटी एमएस पाठक, एसपी ग्रामीण पलाश बंसल और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियो की देखरेख में आग बुझाई गई और तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया। सड़क से वाहनों को हटवाकर किनारे किया गया, जिससे यातायात दुबारा से शुरू हो सका।