चूहरपुर में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल व भूसे के अवशेष जलकर हुए राख
गभाना। क्षेत्र के गांव चूहरपुर में बिजली के तारों से उठी चिंगारी से किसानों के खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल व भूसा बनाने के अवशेषों में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को कड़ी मशक्कत के बाद बुझाया, लेकिन तब तक पांच किसानों की गेहूं की फसल व हजारों रुपये का भूसा जलकर राख हो गया।
शुक्रवार दोपहर में गांव के किसान दीपक व मुनेंद्र के खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों से उठी चिंगारी से उनके खेतों में कटी पड़ी फसल में आग लग गई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आग को बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग ने तेज हवाओं के झौंकों के साथ ही आस-पास के खेतों को भी अपने चपेट में लेकर उग्र रूप धारण कर लिया। जिस पर ग्रामीणों ने सूचना थाना पुलिस व फायर स्टेशन गभाना को दे दी।
सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझाया, लेकिन तब तक दीपक मुनेंद्र की करीब आठ बीघा गेहूं की फसल, गिरधारी लाल का 12 बीघा, शिवदयाल का छह बीघा व राजू नगला निवासी हरिओम का करीब दो बीघा भूसे का अवशेष जलकर राख हो गया। मामले में एसडीएम हीरालाल सैनी ने बताया कि किसानों की क्षति का आंकलन कराने के लिए हल्का लेखपाल को निर्देशित कर दिया है। पीड़ित किसानों की नियमानुसार हर संभव मदद की जाएगी।