रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

भोले बाबा सत्संग भगदड़ में मृत बच्चे के परिजनों को सांसद व विधायक ने दिया चैक

- पोथी नगला बंजारा के छह वर्षीय शिवराज की हादसे में हुई थी मौत

गभाना। हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव फलरई में मंगलवार को भोले बाबा के सत्संग में हुई भगदड़ में गांव पोथी नगला बंजारा के एक मासूम की मौत हो गई थी। शुक्रवार को सांसद व विधायक ने अधिकारियों के साथ पीड़ित परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद के रूप में दो लाख रुपये का चैक दिया।

बता दें कि पोथी नगला बंजारा निवासी सुरेश नायक बाइक से पत्नी अर्चना, 12 वर्षीय बेटी गौरी व छह वर्षीय बेटा शिवराज के साथ हाथरस के सिकंदराराऊ के गांव फलरई में मंगलवार को भोले बाबा के सत्संग में गए थे। इसी दौरान बाबा के चरणों की रज लेने के दौरान अचानक हुई भगदड़ में अर्चना के हाथों से शिवराज का हाथ छूट गया था। जिसमें शिवराज की भगदड़ में कुचलने के दौरान मौत हो गई थी, जबकि उनकी बेटी गौरी भी घायल हो गई थी। हादसे में 122 लोगों की मौत हो गई थी।

शुक्रवार को सांसद सतीश गौतम, बरौली विधायक व पूर्व मंत्री ठा. जयवीर सिंह, एडीएम न्यायिक अखिलेश यादव, एसडीएम गभाना विनीत कुमार मिश्रा ने गांव पहुंच कर मृत शिवराज के पिता सुरेश नायक व मां अर्चना को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये का चैक बतौर सहायता के रूप में प्रदान किया। सांसद व विधायक ने पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!