फ्रंट ऑफिस खोले जाने के लिए शासन से नहीं हैं कोई निर्देश : कमिश्नर
अलीगढ़। निबंधन कार्यालय में प्रस्तावित फ्रंट ऑफिस की स्थापना को लेकर सोमवार को तहसील कोल राजस्व एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय सिंह तेवतिया, महासचिव महेन्द्र प्रताप सिंह धाकरे, मण्डलीय बार एसोसिएशन अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार पचौरी, एडवोकेट एवं सेक्रेटरी प्रान्त गौरव शर्मा ने उप महानिरीक्षक निबंधन के साथ कमिश्नर संगीता सिंह से मुलाकात कर वार्ता की। कमिश्नर ने बताया कि फ्रंट ऑफिस खोले जाने के लिए शासन से अभी तक कोई निर्देश भी निर्गत नहीं किए गए हैं। फ्रंट ऑफिस की स्थापना से आम जनता को बेहतर सुविधाएं जैसे- बैठने की समुचित व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय, सटीक मार्गदर्शन एवं सूचनाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उप निबंधक कार्यालय का निजीकरण नहीं किया जा रहा है और अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों के कार्यों में कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। अधिवक्ता एवं दस्तावेज लेखक पूर्व की भांति निर्बाध रूप से कार्य करते रहेंगे।
बता दें कि उप निबंधक कार्यालयों में फ्रंट ऑफिस खोले जाने के विरोध में जनपद की पांचों तहसीलों के अधिवक्ता लगातार विराेध करते हुए हड़ताल कर रहे हैं। उप महानिरीक्षक निबंधन शिव शंकर यादव ने बताया कि वार्ता के सकारात्मक परिणामस्वरूप तहसील कोल राजस्व एसोसिएशन एवं मंडलीय बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने पर सहमति जताई है।