गभाना: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
गभाना। क्षेत्र के गांव बलवंत नगलिया के पास रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।
बंबा के समीप हुआ हादसा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद बुलंदशहर के थाना अरनिया अंतर्गत गांव नारायणपुर नगलिया निवासी रिहान और फरान रविवार दोपहर को चूहरपुर स्थित स्विमिंग पुल में नहाने के लिए बाइक से आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बलवंत नगलिया गांव के पास बंबा वाले रास्ते पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
प्राथमिक उपचार के बाद जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर
हादसे को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों लहूलुहान युवकों को कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। जहां पर हालत नाजुक होने के कारण,उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद डाक्टरों ने अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू (जेएन) मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और तहरीर मिलने के बाद फरार ट्रक चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।