गभाना: बाजार गई युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पड़ोसी युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज
गभाना। कस्बे के एक मोहल्ले से बाजार जाने की बात कहकर निकली 22 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित पिता ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
25 मई से लापता है युवती
पीड़ित पिता द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उनकी 22 वर्षीय बेटी बीते 25 मई को घर से यह कहकर निकली थी कि वह बाजार से कुछ सामान लेने जा रही है। जब देर शाम तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर काफी तलाश करने के बाद भी जब युवती का कहीं पता नहीं चला, तो परिवार में हड़कंप मच गया।
पड़ोस का युवक निकला आरोपी
परिजनों द्वारा अपने स्तर पर की गई छानबीन में पता चला कि घटना के बाद से ही पड़ोस में रहने वाला कपिल निवासी खैरगढ़, जिला फिरोजाबाद भी गायब है। परिजनों का आरोप है कि कपिल ही उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर या बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है।
पुलिस टीम युवती व आरोपी की तलाश में जुटी
मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी कपिल के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं, जो युवती की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही दोनों को ढूंढ लिया जाएगा।