रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

देश का बहुत बड़ा बदलाव होगा एक राष्ट्र एक चुनाव: धनखड़

-मंगलायतन विश्वविद्यालय में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर युवा परिचर्चा का आयोजन

इगलास। मंगलायतन विश्वविद्यालय में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर युवा परिचर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को देश की चुनाव प्रणाली में संभावित सुधारों को लेकर जागरूक करना था। वक्ताओं ने युवाओं को संबोधित करते हुए एक राष्ट्र एक चुनाव की आवश्यकता और संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी, मंगलायतन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीके दशोरा व कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित करके किया गया। मुख्य अतिथि ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि बार-बार चुनाव से देश की विकास प्रक्रिया बाधित होती है और सरकारी संसाधनों का अत्यधिक व्यय होता है। यदि देश में एक साथ चुनाव कराए जाएं तो इससे समय और धन दोनों की बचत होगी।एक बड़ी ऊर्जा चुनाव संपन्न कराने में चली जाती है। एक राष्ट्र एक चुनाव को जनमत बनाने के लिए उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यह देश का बहुत बड़ा बदलाव होगा। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चैधरी ने युवाओं से एक राष्ट्र एक चुनाव जैसे मुद्दे पर जागरूक रहने की बात कहते हुए कहा कि यह भ्रष्टाचार की राजनीति को खत्म करने के लिए जरूरी कदम है। क्योंकि बार-बार चुनाव होने से नेता व अधिकारी इसी में व्यस्त रहते हैं। इससे देश का विकास बाधित होता। इस बदलाव को युवाओं के बिना किया जाना संभव नहीं है।

कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने कहा कि राष्ट्र हमारी संकल्पनाओं में है, हमें अपनी ताकत व आत्मबल से उजाला फैलाना है। जब हम सभी एक दिशा में सोचेंगे तभी संकटों से मुक्ति पाएंगे। चुनाव में होने वाला खर्च यदि विकास में लगेगा तो देश की विकास दर में वृद्धि होगी। हमारा भारत विश्व गुरु बनेगा और हम दुनिया का नेतृत्व करेंगे। वहीं कुलसचिव ब्रिगेडियर समरवीर सिंह ने अतिथियों को परिचय कराते हुए युवाओं से जागरूक रहने का आह्वान किया। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आभार व्यक्त धर्मवीर सिंह लोधी व संचालन प्रमेंद्र पाल सिंह गुड्डू ने किया। व्यवस्थाओं में प्रशासनिक अधिकारी गोपाल राजपूत का सहयोग रहा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजया सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, खैर विधायक सुरेंद्र दिलेर, कोल इंडिया की डायरेक्टर शशि सिंह, मनीष गौतम आदि थे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!