गभाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर युवक ने किशोरी से की छेड़छाड़, मुकदमा दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में नामजद युवक ने घर में अकेली किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी। मामले में परिजन आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे तो आरोप है कि आरोपित के पिता व बाबा ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा कि सोमवार शाम को पिता व भाई दूध की डेयरी पर गए हुए थे, जबकि मां पशुओं को चारा डालने घेर पर गई हुई थी। घर पर केवल वह अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही प्रिंस उसे अकेला देखकर घर में घुस आया और बुरी नीयत से उसे दबोच लिया। इस दौराव आरोपी उसे कमरे में खींचकर ले जाने लगा। उसके चीखने-चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। मां के घर आने पर उसने सारी बात बताई। आरोप है कि जब उसकी मां व चाची अारोपी के घर पर शिकायत करने पहुंची तो वहां मौजूद उसके पिता मनवीर सिंह व बाबा भूरा ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर डाली और जान से मारने की धमकी देते हुए भगा दिया। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, जांच की जा रही है।