कुत्तों के झुंड ने 3 वर्षीय बच्ची पर किया हमला, घायल
अतरौली। मोहल्ला चौकड़ी में घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला बोल दिया, जिसमें बच्ची घायल हो गई। राहगीरों ने बच्ची को बमुश्किल कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला चौकड़ी के रहने वाले राजवीर सिंह उर्फ नैन्हा काॅलेज रोड स्थित बरी के अड्डे पर चाय की दुकान चलाते हैं। उन पर चार बेटी व एक बेटा है। शनिवार शाम को उनकी चौथे नंबर की तीन वर्षीय बेटी कोमल पुराने रामघाट रोड स्थित बसुआ मंदिर के निकट खेल रही थी। तभी अचानक से वहां आए कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया। जिसमें बच्ची लहुलुहान होकर घायल हो गई। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने कुत्तों के झुंड से बच्ची को बमुश्किल बचाया। जानकारी पाकर परिजन भी वहां पहुंच गए। परिजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से उपचार के बाद परिजन बच्ची को घर ले गए। नगर में लगातार बढ़ रहे कुत्तों के आतंक से ग्रामीण भयभीत हैं। बता दें कि पिछले दिनों अलीगढ़ मुस्लिम यूनीवर्सिटी के पार्क में टहलने गए डॉक्टर पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था। जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं नगर में भी पिछले दिनों कुत्तों के झुंड ने दो बच्चों को गंभीर से घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्तों के अातंक से निजात दिलाने की मांग की है।