गभाना क्षेत्र के एक गांव युवक ने घर में घुसकर किशोरी से की छेड़खानी, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के एक गांव में नामजद युवक ने घर पर अकेली किशोरी के साथ छेड़छाड़ कर दी। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना गभाना क्षेत्र के एक गांव के युवक ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22 अक्टूबर को वह मेहनत- मजदूरी करने व पत्नी जंगल में बकरी चराने के लिए गई थी। घर पर उसकी 16 वर्षीय बेटी अकेली थी और पढ़ रही थी।
तभी गांव का ही दीपक बेटी को अकेला देखकर घर में घुस आया। आरोपी ने बेटी को बुरी नीयत से पकड़ लिया और छेड़छाड़ करने लगा तथा कमरे में जबरन खींचकर ले जाने लगा। बेटी के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया।
जब वह घर पहुंचे तो बेटी ने आप बीती सारी बात उन्हें बताई। इस संबंध में इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
राजमऊ में पति-पत्नी के साथ की मारपीट, छीने रुपये
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव राजमऊ में नामजदों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी महिला से रुपये भी छीनकर ले गए।
मामले में राजमऊ निवासी पूनम देवी पत्नी राजू ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 24 अक्टूबर की शाम को वह घर पर अकेली थी, जबकि पति मजदूरी करने के लिए चंदरौला गए हुए थे। तभी पड़ोस के ही लवकुश, महेश व महेश की दोनों बेटी घर पर आ गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध पर उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट कर डाली। आरोप है कि इस दौरान आरोपित उसके पांच हजार भी निकाल कर ले गए। पति के वापस आने पर उसने सारी घटना बताई। जब पति उक्त लोगों के पास पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट कर डाली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।