सब्जी बेचकर घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हुई मौत
गभाना। क्षेत्र में कटरा-बरौली मार्ग पर गांव बलवंत नगलिया के पास सब्जी बेचकर घर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के गांव बलवंत नगलिया निवासी 28 वर्षीय रूप सिंह पुत्र कालीचरन गांव-गांव में फेरी लगाकर सब्जी बेचने का काम करते थे। वह बुधवार रात में सब्जी बेचकर रिक्शा लेकर गांव लौट रहे थे। तभी गांव के पास पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रिक्शा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया जबकि रूप सिंह की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों ने युवक का शव पड़ा देखा तो सूचना परिजनों व थाना पुलिस को दी। जानकारी पाकर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंच गई। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हाे गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।