ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाईयों को मारी टक्कर, एक की मौत
अलीगढ़। थाना पिसावा क्षेत्र में सबलपुर गांव के पास ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाईयों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें पुलिस व परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एक भाई को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे भाई का उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार चंडौस क्षेत्र के गांव एलमपुरा निवासी किशनलाल के बेटा देवेंद्र व शिवकुमार राज मिस्त्री कार्य करते थे। मंगलवार की देर शाम को दोनों भाई बाइक से पिसावा के गांव शाहपुर से काम करके घर लौट रहे थे। तभी चंडौस-पिसावा मार्ग पर गांव सबलपुर के पास ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे मे बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन व इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन गंभीर रूप से घायल दोनों भाईयों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने 32 वर्षीय शिवकुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि देेवेंद्र का उपचार जारी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हो गया है।