आखिर युवती के साथ क्या हुआ ? कैसे पहुंची चाहरदीवारी के अंदर
– थाना रोरावर के जमालपुर चौकी क्षेत्र में लोहेश्वर कंपाउंड कॉलोनी के पास की घटना
– युवती को घटना से कुछ देर पहले कुछ युवकों के साथ ई- रिक्शे मे जाते हुए देखा गया था
– संदिग्ध हालात में बेहोश मिली युवती, देर रात तक नहीं आ सका था होश
अलीगढ़ । थाना रोरावर के जमालपुर चौकी क्षेत्र में लोहेश्वर कंपाउंड कॉलोनी के पास एक चाहरदीवारी में एक युवती संदिग्ध हालात में बेहोश पड़ी मिली।
आखिर युवती कौन थी और उसके साथ क्या हुआ ? वह कैसे वहां पहुंची ? इसको लेकर इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती को घटना से कुछ देर पहले ही कुछ युवकों के साथ एक ई- रिक्शे मे जाते हुए देखा गया था। पुलिस इसकी जांच कर रही है। बेहोश युवती को उपचार को एंबुलेंस न आने पर घंटों बाद निजी वाहन के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां देर रात तक उसे होश नहीं आ सका था। पुलिस युवती के होश में आने का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही साफ हो सकेगा कि युवती के साथ आखिर क्या हुआ ?
थाना रोरावर क्षेत्र के चौकी जलालपुर क्षेत्र के लोहेश्वर कंपाउंड कॉलोनी के लोग रविवार शाम रोजाना की अपनी छतों पर ताजा हवा ले रहे थे। इसी बीच उनकी नजर एक भूखंड में बनी चाहरदीवारी की ओर गई। चाहरदीवारी का गेट बाहर से बंद था, जबकि वहां एक युवती को बेहोशी की हालात में जमीन पर पड़े देखा। यह देख उन्होंने शोर मचाया तो वहां लोगोंं की भीड़ जुट गई। सूचना पर इलाका पुलिस भी आ गई। घंटों पुलिस एंबुलेंस आने का इंतजार करती रही। बाद में काफी देर बाद ई-रिक्शे के जरिए उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। युवती को चिकित्सकों ने होश में लाने की भरसक कोशिश की, मगर युवती देर रात तक होश में नहीं आ सकी थी। थाना रोरावर प्रभारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पूछताछ के दौरान जानकारी दी है कि दोपहर के वक्त कुछ लोगों के साथ इस युवती को ई-रिक्शे में बैठकर जाते हुए देखा गया था। युवती चाहरदीवारी के अंदर कैसे पहुंची? युवती के साथ ऐसा क्या हुआ जो वह बेहोश हो गई? युवक कौन थे जो उसे लेकर पहुंचे थे। पुलिस इन्हीें तमाम सवालों के जबाव खोजने के लिए जांच पड़ताल करने के साथ ही युवती के होश में आने का इंतजार कर रही है। तब ही साफ हो सकेगा कि युवती कौन है ? कहां की रहने वाली है और कैसे यहां तक पहुंची ? पूरी जांच के बाद ही सब कुछ साफ हो सकेगा।