हादसे में नव विवाहित युवक के बाद दोस्त की भी हुई मौत
- कस्बा में डिग्री कॉलेज के पास मंगलवार शाम को हुआ था हादसा
अतरौली। कस्बा में मंगलवार शाम को रोडवेज बस से हुए सड़क हादसे में नव विवाहित युवक की मौत के बाद उसके साथी की उपचार के दौरान मौत हो गई, वहीं तीसरे साथी की भी हालत नाजुक बनी हुई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों दोस्तों के शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया।
बता दें कि कोतवाली क्षेत्र के गांव राजमार्गपुर निवासी धर्मपाल सिंह के 22 वर्षीय बेटा कृष्णा कुमार की छह दिन पूर्व इलाहाबाद के गांव केसरिया बाजिदपुर से शादी हुई थी। मंगलवार को कृष्णा अपने गांव के ही दोस्त सुमित पुत्र शिशुपाल सिंह व शेखर पुत्र राकेश को शादी की पार्टी देने के लिए एक ही बाइक से कस्बा अतरौली आ रहे थे। जैसे ही वह कस्बा में अवंतीबाई राजकीय महाविद्यालय के पास पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि दोनों दोस्तों को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां पर देर रात में उपचार के दौरान सुमित ने भी दम तोड़ दिया। वहीं शेखर की हालत भी नाजुक बनी हुई है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों दोस्तों के शव गांव पहुंचते ही हा-हाकार मच गया।