अलीगढ क्राइम डायरी
जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
चंडौस। थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर चंडौस सीता राम सरोज ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव जोहरा में पिछले दिनों खेतों में बकरी चराने का विरोध करने पर नामजदों ने किसान प्रदीप को कुल्हाड़ी से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में घायल के चचेरे भाई अजीत कुमार ने गांव गांधीनगर जरारा निवासी मनाेज, सिनुआ, अनिल, टेकचंद्र, गोविंदा अभिषेक, महीपाल व छह सात अन्य व्यक्ति के खिलाफ जानलेवा समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। जिस पर बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोज कुमार पुत्र महीपाल को कसेरू मोड़ के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घर में घुसकर युवक के साथ नामजदों ने की मारपीट
खैर। थाना क्षेत्र के गांव बामौती में नाजमज लोगों ने घर में घुसकर मारपीट कर डाली और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
मामले में गांव के विशन सिंह चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार सुबह गांव के ही राजू, चिंटू, रौदास, इंद्रजीत, शीशपाल व ताराचंद आदि लोग उसके घर में घुसकर बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब उसने गाली देने से मना किया तो उक्त लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर डाली। शोर शराबा सुनकर आस-पड़ौस के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
मिनी सचिवालय से चोरी कर रहे दो युवकों को रंगेहाथ दबोचा,
खैर। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहागढ़ के मिलिक में मिनी सचिवालय का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले जा रहे दो चोरों को ग्राम प्रधान समेत ग्रामीणों ने दबोच लिया। जिन्हें थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बुधवार को दोनों को जेल भेज दिया है।
मामले में ग्राम प्रधान संजू कुमार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मंगलवार रात्रि में वह पंचायत सहायक मोहन कुमार के साथ मिलिक में बने मिनी सचिवालय के पास पहुंचा तो देखा कि बझेड़ा निवासी सतीश कुमार व रमेश कुमार ताला तोड़कर वहां रखे इन्वर्टर व बैटरी को चोरी कर ले जा रहे थे। जिस पर दोनों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि बुधवार को दोनों चोरों को जेल भेज दिया गया है।
चोरी के ट्रैक्टर के साथ एक चोर को पकड़ा, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने पिछले दिनों महरावल से चोरी हुए ट्रैक्टर के साथ एक चोर को दबोच लिया। जिसे बुधवार को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों महरावल से श्याम बाबू के घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर वहेरों चोरी हो गए थे। मामले में पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तभी से पुलिस ट्रैक्टर चोर की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार को एसएसआई कुंवरपाल सिंह व एसआई रवि वर्मा मय फोर्स के सोमना-खैर मार्ग पर खेमपुर के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन कुमार पुत्र कंचन सिंह निवासी ग्राम नगला खरक थाना हाथरस जंक्शन बताया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर वहेरो भी बरामद हुई है।
एक वर्ष बाद हत्या की रिपोर्ट दर्ज
इगलास। कोतवालीक्षेत्र के गांव कजरौठ में बीते वर्ष अक्टूबर में हुई मौत की घटना के मामले में मृतक की पत्नी हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। दीपचंद्र पुत्र शंकर लाल 20 अक्टबर 2021 में मजूदरी करने घर से बाहर गया था। जब शाम तक घर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई, 21 अक्टूबर को हाथरस रोड पर पहाड़ीपुर गांव के निकट एक पेड़ पर उसका लटका हुआ शव मिला था। मामले में मृतक की पत्नी रेखा ने कमल कुमार, पिलूआ, रुपकिशोर व उसके पिता जगदीश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने को तहरीर दी थी, तत्समय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था। इस प्रकरण में लंबे समय तक विभिन्न ऐजेंसिंयों से जांच चलते रहने के उपरांत आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में इंस्पेक्टर क्राइम कोमल सिंह में जुटे हुए हैं।
सीतापुर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर हुई मौत
इगलास। कोतवाली क्षेत्र के गांव सीतापुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर महिला की मौत हो गई। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव सीतापुर निवासी राजकुमार किसान हैं। इनकी 50 वर्षीय पत्नी यशोदा बुधवार की दोपहर करीब चार बजे घर पर थी। घर पर संदिग्ध परिस्थितियाें में जलने से महिला गंभीर रुप से झुलस गई। जानकारी पर परिजन से उसे अानन-फानन में अलीगढ़ के जेएन मेडिकल काॅलेज लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस पर परिजन महिला के शव को गांव ले आए। सूचना पर हाथरस के थाना चंदपा के गांव कोका से मायका पक्ष के लोग व सीओ राजीव द्विवेदी, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। मायका पक्ष ने हत्या का अारोप लगाया है। सीओ ने बताया कि जलने से महिला की मौत की सूचना मिली थी। मामले में कोई भी तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतका सात बच्चों की मां थी। वहीं गांव में चर्चा है कि पति आए दिन शराब पीकर घर में झगड़ा करता था।
पीएनबी बैंक के जनरेटर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
पिसावा। कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक परिसर में रखे जनरेटर में अचानक से आग लग गई। जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग को बुझालिया।
जट्टारी अड्डे के पास पंजाब नेशनल बैंक की शाखा है। मंगलवार देर रात्रि में अचानक बैंक के बाहर रखे जनरेटर में आग लग गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। देखते ही देखते जनरेटर धूं धूंकर जलने लगा। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आस-पास के सबमर्सिवल आदि चलवाकर आग को बुझाया। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
अज्ञात कारणों से बुर्जी में लगी आग, हजारों रुपये का भूसा जलकर हुआ राख
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव सबलपुर निवासी किसान राजेंद्रपाल शर्मा ने गांव के बाहर अपने खेतों पर भूसे की बुर्जी रख रखी थी। बुधवार दोपहर में अचानक से बुर्जी में आग लग गई। जानकारी पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग ने उग्र रूप ले लिया। सूचना पर दमकल कर्मियों कड़ी मेहनत के बाद आग को बुझाया, लेकिन तब तक किसान का हजारों रुपये का भूसा जलकर राख हो गया।
विज्ञापन


