अलीगढ़ के रिंकू सिंह की भारतीय टीम में हुई वापसी, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 टीम की हुई घोषणा
आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम की हुई घोषणा
डेस्क न्यूज। आईसीसी वर्ल्ड कप के फाइनल में मिली हार के बाद 23 नवंबर से भारतीय टीम आस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलने के लिए उतरेगी। जिसके लिए BCCI ने सोमवार को टीम की घोषणा कर दी गई। सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल को आराम दिया गया है, वहीं टीम की कप्तानी सूर्य कुमार यादव को दी गई है, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ को उपकप्तान बनाया गया है। अलीगढ़ के रिंकू सिंह के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए वापसी हुई है।
रिंकू सिंह की वापसी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में रिंकू सिंह को भी मौका दिया गया है। जितेश शर्मा को विकेट कीपर बनाया गया है। जबकि आखिरी दो मैचों के लिए श्रेयस अय्यर को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। श्रेयस अय्यर रायपुर और बेंगलुरु में आखिरी दो टी-20I के लिए उप-कप्तान के रूप में टीम में शामिल होंगे.
वीवीएस लक्ष्मण होंगे टीम के मुख्य कोच
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। नियमित मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को आराम दिया गया है। हालांकि वर्ल्ड कप 2023 के समापन के साथ तकनीकी रूप से राहुल द्रविड़ का कार्यकाल भी समाप्त हो चुका है। भारत की हार के बाद जब राहुल द्रविड़ से उनके भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने साफ कहा, उनके पास अभी समय नहीं हैं। उन्होंने विश्व कप पर पूरी तरह से अपना ध्यान केंद्रीत रखा था।
आयरलेंड व एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन का रिंकू को मिला इनाम
आईपीएल में कोलकाला नाइट राइडर की ओर से खेलने वाले रिंकू सिंह ने आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन किया था । रिंकू सिंह ने 9 अप्रैल को गुजरात के अहमदाबाद शहर में आयोजित क्रिकेट मैच में अंतिम 5 गेंदों पर 5 छक्के जड़कर अपनी टीम केकेआर को जीत दिलाई थी । इससे रिंकू सिंह पूरे देश में छा गए और उन्होंने अलीगढ़ जिले का नाम रोशन किया था। रिंकू सिंह की इस उपलब्धि पर केकेआर के मालिक एवं फिल्म अभिनेता शाहरुख खान समेत तमाम क्रिकेट हस्तियों ने रिंकू सिंह को बधाई दी थी । इस मैच में यादगार पारी खेलने के बाद रिंकू का बल्ला लगातार रन उगलता रहा। उन्होंने आयरलेंड व एशियन गेम्स में भारतीय टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया था। जिस पर चयनकर्ताओं ने आस्ट्रेलिया जैसी टीम के लिए रिंकू पर विश्वास जताया है।
खुशी से चहक उठे माता-पिता
रिंकू सिंह की फिर से भारतीय टीम में चयन होने की खबर जैसे ही पिता खानचंद और मां बीना देवी को मिली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि रिंकू सिंह ने अपने प्रदर्शन से ना केवल अलीगढ़ का नाम रोशन किया है बल्कि उनका नाम रोशन करने का काम किया है। हम लोगों को अब रिंकू सिंह के माता पिता के रूप में जानते हैं। इससे उन्हें नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि रिंकू सिंह आस्ट्रेलिया के खिलाफ न सिर्फ शानदार प्रदर्शन करेगा, बल्कि भारतीय क्रिकेट टीम को चैंपियन बनाकर वर्ल्ड कप मिली हार का भी बदला लेगा। कोच मसूदू जफर अमीनी ने कहा कि रिंकू ने अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। रिंकू सिंह अपने प्रदर्शन से लगातार भारतीय क्रिकेट टीम का दरवाजा खटखटा रहे थे । उन्होंने कहा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती इसे रिंकू सिंह ने साबित किया है। उन्हें भरोसा है कि रिंकू सिंह अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों का वह मनोरंजन करेंगे और भारतीय टीम को चैंपियन बनाने में अपनी अहम भूमिका अदा करेंगे।
रणजी ट्रॉफी में रन मशीन बने रिंकू सिंह
रिंकू सिंह ने वर्ष 2018 -19 में रणजी ट्रॉफी मैच में शानदार बल्लेबाजी का नमूना पेश करते हुए क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 150 रन की पारी खेलकर सीजन में 953 रन बनाकर इतिहास रच दिया था ।हालांकि, उन्हें इस मैच में 1000 रन पूरा न कर पाने का मलाल भी है। उत्तर प्रदेश के खब्बू बल्लेबाज रिंकू सिंह 10 मैच में 953 रन बनाकर देश में सर्वाधिक रन बनाने वाले सिक्किम के बल्लेबाज मिलिंद कुमार (1331) से पीछे हैं। घरेलू ट्रॉफी के दिग्गज बल्लेबाज व पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वसीम जाफर से भी रिंकू सिंह रन के मामले में काफी आगे हैं। रिंकू ने इस सीजन में चार शतक ठोंके। हालांकि, दो बार 149 रन पर आउट हो गए। सर्विसेज के खिलाफ 163 नाबाद, त्रिपुरा व आसाम के खिलाफ 149-149 रन पर आउट हो गए। मगर, क्वार्टर फाइनल में सौराष्ट्र के खिलाफ 150 रन बना डाले।
16 साल की उम्र में ही यूपी की टीम से जुड़ गए थे रिंकू
वर्ष 2014 में प्रथम श्रेणी के शुरुआती मैच में ही रिंकू ने यूपी के लिए सबसे ज्यादा 83 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 2016 में रिंकू यूपी की रणजी टीम से खेलने लगे थे। 2018-19 के रणजी सत्र में उन्होंने यूपी के लिए 10 मैचों में 953 रन बनाकर यह सुनिश्चित कर दिया था कि वह अब रुकने वाले नहीं हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की टी-20 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़ (उप कप्तान), ईशान किशन, यशस्वी जायसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान, मुकेश कुमार
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी-20 सीरीज का पूरा कार्यक्रम
पहला टी-20 मैच – 23 नवंबर, विशाखापत्तनम
दूसरा टी-20 मैच- 26 नवंबर, तिरुवनंतपुरम
तीसरा टी-20 मैच- 28 नवंबर, गुवाहाटी
चौथा टी-20 मैच – 01 दिसंबर, रायपुर
पांचवां टी-20 मैच- 03 दिसंबर, बेंगलुरु
———–