रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

नेरोलेक पेंट कंपनी के एरिया मैनेजर की हत्या कर लोधा क्षेत्र में फेंका

- 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज न करने का परिजनों ने पुलिस पर लगाया आरोप

अलीगढ़। नेरोलेक पेंट कंपनी के एरिया मैनेजर की हत्या कर शव को लोधा में मूसेपुर रोड पर एक प्लाट में फेंक दिया। गुरुवार की देर शाम को शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं घटना की जांच में जुट गई। मृतक के पास मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त हो सकी। परिजनों ने 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया है।

इगलास थाना क्षेत्र के गांव सिमरधरी निवासी 35 वर्षीय पंकज कौशिक पुत्र प्रेम प्रकाश कौशिक नेरोलेक पेंट कंपनी में एरिया मैनेजर थे। वह हाल में हाथरस के सासनी में मकान बनाकर रह रहे थे। गुरुवार सुबह वह भैयादूज पर घर आई अपनी बहन को रोककर पेमेंट लाने के बाद विदा करने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचे।

जिस पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने कई बार उनके फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संपर्क भी नहीं हो सका। परिजन उन्हें काफी तलाश करते रहे। उधर देर शाम को लोधा क्षेत्र में मूसेपुर रोड पर शीलू प्रधान के खेतों में हो रही प्लाटिंग वाले स्थान पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।

सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर शव की शिनाख्त पंकज कौशिक के रूप में हो गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पंकज की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है। 24 घंटे गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

सीओ गभाना आरके सिसौदिया ने बताया कि परिजन किसी भी रंजिश ने इंकार कर रहे हैं। मामले में जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!