भूपाल नगलिया में पूर्व विधायक ने किया श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ
-कलश यात्रा के साथ शुरू हुई भागवत कथा
गभाना। क्षेत्र के गांव भूपाल नगलिया में गुरुवार से श्री मद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कथा से पूर्व श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। इस दौरान महिलाएं व युवती सिर पर कलश रखकर भजन गाते हुए चल रही थी। वहीं डीजे पर चल रहे भजनों पर श्रद्धालु झूमते नाचते हुए चल रहे थे। जिससे पूरा गांव भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा के गांव में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों की कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। कथा स्थल पर पहुंचकर कलश यात्रा समाप्त हुई।
कथा का शुभारंभ बरौली के पूर्व विधायक ठा. दलवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि समाज में धार्मिक आयोजनों ने सामाजिक चेतना आती है। ऐसे आयोजनों में समाज के सक्षम लोगों को आगे आना चाहिए। धार्मिक आयोजनों से मन में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी पाश्चात्य सांस्कृति के प्रभाव में आकर अपनी संस्कृतिक को भूल रही है। आज बच्चों को किताबी ज्ञान देने के साथ संस्कारों का ज्ञान देना भी जरूरी है।
कथा के पहले दिन व्यास विवेक शास्त्री ने कहा श्रीमद्भागवत कथा ऐसी कथा है, जो जीवन के उद्देश्य एवं दिशा को दर्शाती है। जहां भागवत कथा होती है, वहां का संपूर्ण क्षेत्र दुष्ट प्रवृत्तियां खत्म होकर सकारात्मक ऊर्जा से सशक्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि कथा की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब हम अपने जीवन और व्यवहार में धारण करें। भागवत कथा के श्रवण मात्रभर से जन्म जन्मांतर के विकार नष्ट होकर आध्यात्मिक विकास होता है। आयोजन में राजवीर सिंह राना जी, कुशल, मनोज, जुगेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह नेताजी, नमन सिंह, गजराज सिंह आदि मौजूद रहे। ,