रेलवे की ई-टिकट बनाकर कालाबाजारी करने वाला गिरफ्तार
- IRCTC की ID से टिकिट बनाकर कर रहा था अवैध कारोबार
अलीगढ। RPF के ऑपरेशन उपल्ब्ध के तहत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट एवं क्राइम विंग सेल द्वारा संयुक्त रूप से पर्सनल यूजर आईडी पर रेलवे की ई- टिकटों का अवैध व्यापार करने वाले एक व्यक्ति को कस्बा खैर से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी IRCTC की पर्सनल आईडी से ई-टिकट बनाता था और इसकी कालाबाजारी करता था।
दो पर्सनल आईडी से कर चुका है एक लाख से अधिक का कारोबार
टीम को खैर कस्बा में गोपाल जी इंटरनेट प्वाइंट पर ई-टिकटों का अवैध कारोबार चलने की सूचना मिली। जिस पर सोमवार को RPF के SI अमित चौधरी, ASI ओमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल बलवीर सिंह, संदीप कुमार, सूरज सिंह, नरेंद्र कुमार एवं क्राइम बिंग के ASI भारत भूषण की टीम ने कस्बा खैर में गोपाल जी इंटरनेट प्वाइंट पर छापा मारा। यहां संचालक राहुल कुमार निवासी रंजीतगढ़ी, कोतवाली खैर को पर्सनल यूजर आईडी के माध्यम से ई-टिकट बनाकर मूल्य से 100 से 150 अधिक लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ RPF थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी के पास से भविष्य की तीन टिकट कीमत 856.45 रुपये, भूतकाल की यात्रा का एक टिकट कीमत 1218.95 रुपये मूल्य बरामद हुई। आरोपी दो IRCTC पर्सनल ID से अब तक लगभग एक लाख रुपये की ई- टिकट का कारोबार कर चुका है। RPF पोस्ट कमांडर इंंस्पेक्टर राजीव वर्मा ने बताया कि IRCTC की पर्सनल आईडी से ई-टिकटों का व्यापार करना गैर कानूनी है।