ऑनलाइन ट्रेडिंग व्यापार को किया जाए बंद, व्यापारियों ने SDM को दिया ज्ञापन
गभाना। ऑनलाइन ट्रेडिंग व्यापार को लेकर व्यापारियों में खासा रोष व्याप्त है। इस दौरान मंगलवार को व्यापारियों ने कस्बा से तहसील मुख्यालय तक पैदल मार्च करते हुए जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दाैरान उन्होंने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष कमल गुप्ता के नेतृत्व में गभाना, चंडौस व बरौली के दर्जनों व्यापारी कस्बा के लाखा बाजार में एकत्रित हुए। जहां से वह ऑनलाइन ट्रेडिंग व्यापार के विरोध में हाथों में पट्टिका लेकर पैदल मार्च करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम केबी सिंह को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ट्रेडिंग व्यापार के चलते देश के करीब 7 करोड़ व्यापारियों का व्यापार बर्बाद हो रहा है। काेरोनाकाल से व्यापारी पहले ही दयनीय आर्थिक स्थिति से जूझ रहा है, रही सही कसर ऑनलाइन व्यापार पूरी कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब कॉरपोरेट घराने के लोग घर-घर जाकर सामान बेचेंगे तो आम व्यापारी की दुकानें पूरी तरह से बंद हो जाएंगी। उन्होंने ऑनलाइन ट्रेडिंग व्यापार को बंद कराने, नए पंजीकरण पर रोक लगाने तथा जीएसटी के साथ 20 प्रतिशत विकास कर लागू करने की मांग की है। इस मौके पर प्रांतीय संगठन मंत्री अशोक कुमार गुप्ता, कृष्ण कुमार शर्मा, जिला प्रभारी प्रमोद कुमार गुप्ता, जिला महामंत्री सुरेशचंद्र लोधी, वीरेंद्र कुमार, गभाना अध्यक्ष प्रवेंद्र सिंह राणा, चंडौस अध्यक्ष वैभव आर्य, बरौली अध्यक्ष अशोक दिवाकर, मुकेश गर्ग, राहुल शर्मा, पवन गुप्ता, संजीव अग्रवाल, राजेश गोविल, सुशील गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, हाजी यामीन अली, प्रशांत गोयल, राजकुमार माहेश्वरी आदि मौजूद रहे।