आपदा प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान: जिलाधिकारी
सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए डीएम ने दिए अधिक से अधिक नामांकन के निर्देश
अलीगढ़। आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रतिष्ठित सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए जिला स्तर पर अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित कराए जाएं। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदान किया जाता है।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस पुरस्कार का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्य, और आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों, स्वयंसेवी संगठनों (NGOs)और संस्थाओं की पहचान कर उन्हें नामांकन के लिए प्रेरित किया जाए।
दो श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार
डीएम ने बताया कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत और संस्थागत दो श्रेणियों में दिया जाता है। व्यक्तिगत श्रेणी में चयनित व्यक्ति को प्रशस्ति पत्र एवं पदक, जबकि संस्थागत श्रेणी में चयनित संस्था को प्रशस्ति पत्र व पट्टिका प्रदान की जाती है। इसके लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है, जिसमें स्व-नामांकन (Self-Nomination) के साथ ही तीसरे पक्ष द्वारा नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध है।
स्थानीय नवाचारों का होगा दस्तावेजीकरण
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि जिले में पूर्व चेतावनी तंत्र (Early Warning System) को मजबूत करने, सामुदायिक सहभागिता और आपदा-रोधी अवसंरचना के विकास जैसे क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर हुए सफल प्रयासों का दस्तावेजीकरण किया जाए। उन्होंने इस संबंध में जागरूकता फैलाने के लिए विभागीय वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और जनसंपर्क कार्यक्रमों का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए ताकि योग्य लोगों को राष्ट्रीय मंच मिल सके।