माफिया अतीक व उसके भाई की प्रयागराज में गोलियों से भूनकर की हत्या
पत्रकार बनकर पहुंचे थे हमलावार, तीनों ने किया सरेंडर
मुख्यमंत्री ने दोहरे हत्याकांड को लेकर जताई नाराजगी, प्रदेश में हाई अलर्ट किया जारी
न्यूज डेस्क। माफिया अतीक अहमद व उसके भाई की शनिवार रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद तीन हमलावारों ने खुद को सरेंडर कर दिया है।
पुलिस प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में दोनों को मेडिकल के लिए ले जा रही थी। पत्रकार साथ-साथ चलते हुए अतीक से सवाल-जबाब कर रहे थे। तभी तीन हमलावार पुलिस सुरक्षा को तोड़ते हुए पत्रकार बनकर आए और फायरिंग कर डाली। जिसमें माफिया अतीक और उसके भाई अशरफ की मौत हो गई है। वहीं इस हमले में कॉस्टेबल मानसिंह को भी गोली लगी है। जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है। हमलावरों की पहचान लवलेश, सनी और अरुण मौर्य के नाम से हुई है। तीनों के पास से मीडिया कार्ड, कैमरा और माइक भी मिला है।

जय श्री राम के नारे लगाते हुए आए हमलावार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावार जय श्री राम के नारे लगाते हुए आए और तीनों ने अतीक व अशरफ पर गोलियां चला दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई।
झांसी में एसटीएफ ने मार गिराया था असद
माफिया अतीक अहमद के बेटे असद को गुरुवार को झांसी में एसटीएफ की टीम ने मार गिराया था, वहीं उसके अलावा एक और शूटर गुलाम को भी पुलिस ने ढेर कर दिया था। दोनों पर 5 लाख रुपये का इनाम था और यह उमेश पाल हत्याकांड में वांटेड थे। दोनों के पास से विदेश में बने हथियार भी बरामद किए गए थे।
मुख्यमंत्री ने जताई नाराजगी
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीक व अशरफ की हत्या को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने तत्काल उच्च स्तरीय बैठक बुलाने के साथ ही एडीजी लॉ इन ऑर्डर को तलब किया है।
प्रयागराज में धारा 144 लागू
कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रयागराज में हाई अलर्ट करने के साथ ही धारा 144 लागू कर दी गई है। पीएसी व आरएएफ तैनात कर दिया गया है। सभी जोन, कमिश्नरेट व जनपदों को किया अलर्ट
मामले में होगी न्यायिक जांच
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहरे हत्याकांड में न्यायिक जांच आयोग के गठन के निर्देश दिए है। तीन सदस्यीय ज्यूडिशियल की टीम करेगी जांच
17 पुलिसकर्मियों को किया गया सस्पेंड
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतीक व अशरफ की हत्या को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए तत्काल उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। मामले में घटनास्थल पर मौजूद 17 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।
पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द
मुख्यमंत्री ने अतीक व अशरफ की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों को रद्द कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी जनपद के एसएसपी व थाना प्रभारियों को अपने मुख्यालय में अलर्ट रहने का आदेश जारी किया है।
अतीक बेटा जेल में हुआ बेहोश
अतीक व अशरफ की हत्या की जानकारी मिलते ही लखनऊ जेल में बंद अतीक का बड़ा बेटा उमर बेहोश होकर गिर पड़ा।अतीक के दो नाबालिग बेटे ऐजम और आबान प्रयागराज के राजरूपपुर स्थित बाल सुधार गृह में बंद हैं। उनका टीवी केबल कनेक्शन काट दिया गया है।
उमेशपाल के घर की बढ़ाई सुरक्षा
अतीक व अशरफ की हत्या के उमेशपाल के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
प्रयागराज में इंटरनेट सेवा बंद
माफिया अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ के दोहरे हत्याकांड के बाद शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रयागराज में इंटरनेट सेवाओं को अग्रिम आदेश तक बंद कर दी गई है। वहीं डीजीपी से सख्त आदेश दिया है कि सोशल मीडिया अफवाह फैलाने व भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश में अपराध की पराकाष्ठा हो गई है
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा है कि उत्तर प्रदेश में अपराध की पराकाष्ठा हो गई और अपराधियों के हौसले बुलंद है। पुलिस के घेरे के बीच में जब सरेआम गोलीबारी करके हत्या की जा सकती है तो आम जनता की सुरक्षा का क्या? इससे जनता के बीच भय का वातावरण बन रहा है, ऐसा लगता है कुछ लोग ऐसा वातावरण बना रहे हैं।
माफियाओं को मिट्टी में मिलाकर ही लेंगे दम
असद के एनकाउंटर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बयान दिया था। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। एक-एक माफिया को मिट्टी में मिलाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा कि एक अपराधी का ऐसा अंजाम बताता है कि माता-पिता को ध्यान रखना चाहिए कि वो बच्चों को अपराधी नहीं बनाएंगे और उन्होंने अपराधी नहीं बनाया होता तो अतीक के बेटे असद का अाज यह अंजाम नहीं होता।