दवा विक्रेता से 4 लाख रुपये लूटकर बाइक सवार बदमाश हुए फरार
- बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहा था पीड़ित, ग्रामीणों ने दो लूटेरों को दबोचा
खैर। कस्बा स्थित बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे दवा विक्रेता से दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाश चार लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने दो बदमाशों का पीछाकर पकड़कर जमकर धुनाई करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया, वहीं तीसरा बदमाश रुपये से भरे थैला को लेकर फरार हो गया। दिन दहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस विभाग में खलबली मच गई। पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी हुई है। पीड़ित ने कोतबाली में तीन लुटेरों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कराया है। वही लुटेरों की लूट करने की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी है।
क्षेत्र के गांव धूमरा निवासी अमर सिंह होम्योपैथी दवा व्यापारी हैं। वह शुक्रवार को करीब तीन बजे कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक से रुपये लेकर बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वह अग्रवाल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में धक्का देकर गिरा दिया। जिससे वह बाइक समेत गिर पड़े। जब तक वह खुद को संभाल पाते तब तक तीनों बदमाश उनके हाथ से रुपयों से भरे थैला को लूटकर भागने लगे।
उन्होंने खुद को संभालते हुए शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों ने बदमाशों का पीछा करते हुए दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीसरा बदमाश मौका देखकर रुपयों से भरे थैला को लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाशों की जमकर धुनाई कर डाली। ग्रामीणों ने लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस काे पकड़े गए दोनों बदमाश सौंप दिए। पीड़ित के अनुसार थैला में चार लाख रुपये थे। पीड़ित ने तीन बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।
एसपी देहात पलास बंसल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए दोनों बदमाश औरेया व कानपुर देहात के रहने वाले हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है साथ ही भागे गए बदमाश की भी पहचान हो गई, जिसकी तलाश में जुटी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।