पेट्रोल पंप पर बाइक सवार बदमाशों ने मैनेजर को लूटा
खैर। कस्बा में लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को बुक सेलर से 25 हजार की लूट हुई थी। वहीं गुरुवार शाम को खैर- गोंडा मार्ग पर गांव उसरम के पास भाजपा के जिला महामंत्री व पूर्व चेयरमैन खैर पंकज पवार की पेट्रोल पंप से बाइक सवार दो बदमाश मैनेजर से थैला लूटकर ले गए।
मामले में कस्बा की ब्लॉक कॉलोनी निवासी खोजेंद्र सिंह (मयंक) पुत्र सतपाल सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पेट्रोल पंप पर मैनेजर है। गुरुवार शाम को करीब साढ़े सात बजे वह पंप पर रुपयों को गिन रहा था। तभी बाइक सवार दो बदमाश तमंचा लहराते हुए वहां आ गए और उसके हाथ से दो हजार रुपये व थैला छीनकर फरार हो गए। थैला में पंप के हिसाब किताब के रजिस्टर व अन्य दस्ताबेज रखे हुए थे। कस्बा में लगातार हो रही लूट की घटनाओं को लेकर व्यपारियों में रोष व भय व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि बदमाशाें के हौंसले इतने बढ़ चुके हैं कि वह लगातार लूट की वारदात को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन बदमाश पुलिस की पकड़ से दूर हैं। इस संबंध में इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच की जा रही है।
पुस्तक व्यापारी से लूट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
खैर। कस्बा के अलीगढ़- पलवल मार्ग पर जीवन लाज के सामने बुधवार देर रात्रि पुस्तक व्यापारी से हुई लूट के मामले में दो दिन बाद शुक्रवार को कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है।
कस्बा के करवन नदी के राम श्यामपुरम कॉलोनी निवासी अनिल अग्रवाल सोमना रोड पर अग्रवाल पुस्तक भंडार नाम से दुकान चलाते हैं। बुधवार रात्रि में वह अपने नौकर के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी जीवन लॉज के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचा के बल पर थैला छीनकर ले गए। जिसमें व्यापारी के 25 हजार रुपये व दुकान की चाबी रखी हुई थी। मामले में पीड़ित ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, चोरों की तलाश की जा रही है।