हाईवे पर जिरौली मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, भाई घायल
गभाना। नेशनल हाईवे पर जिरौली मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका फुफेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी के थाना औछा के गांव उसनीधा निवासी 20 वर्षीय आदित्य पुत्र राजकुमार गुरुवार की देर शाम बाइक से अपने फुफेरे भाई अमित पुत्र जयवीर निवासी कुबेरपुर थाना एत्मादपुर जनपद आगरा के साथ दिल्ली की तरफ जा रहा था।
जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर जिरौली मोड़ के पास पहुंचे तभी किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए।
सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमित का उपचार जारी है। पुलिस ने हादसे की सूचना दोनों के परिजनों को दे दी है, वहीं आदित्य के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।