गभाना में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की हुई मौत
गभाना। कस्बा में जीटी रोड पर मदनधाम कॉलोनी के सामने ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
समोसे बेचकर करते थे परिवार का भरण-पोषण
थाना क्षेत्र के गांव भीमपुर निवासी मुरारी लाल गुप्ता के 35 वर्षीय बेटा दीपक गुप्ता उर्फ दीपू सोमना रेलवे स्टेशन पर समोसे बेचकर कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार दोपहर में वह किसी जरूरी काम से गभाना के लाखा बाजार में आए थे। जहां से वह बाइक से गांव जा रहे थे। जैसे ही वह जीटी रोड पर मदनधाम कॉलोनी के पास पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हाे गई।
आरोपी चालक ट्रक लेकर हुआ फरार
हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पाकर इलाका पुलिस व मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो बेटियों के पिता थे।