भाजपा ने किसान, गरीब व मजदूरों से किए झूठे वादे- अखिलेश यादव
पूर्व मुख्यमंत्री ने सपा के मेयर प्रत्याशी को किया रोड शो
अलीगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को अलीगढ़ से सपा के मेयर प्रत्याशी व पूर्व विधायक हाजी जमीर उल्लाह खान के समर्थन में रोड शो कर लोगों से वोट देने की अपील की। इस दौरान सपाईयों ने मुलायम सिंह यादव अमर रहे तथा अखिलेश यादव जिंदावाद के नारे लगाए।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जमालपुर पुल से जीप में बने रथ में सवार होकर पुरानी चुंगी से होते हुए विभिन्न निर्धारित रूटों से होकर एएमयू सेनेटरी गेट पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक जमीर उल्लाह खान के समर्थन में लोगों से अधिक से अधिक वोट करने की अपील की। इस दौरान उनके रोड शो में समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पुरूषों के अलावा महिलाएं भी हाथों में समाजवादी के झंडे, पोस्टर व बैनर लेकर शामिल हुई। जगह-जगह लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रोड शो में सपा समर्थक बुलडोजर लेकर पहुंचे। उनका कहना था कि बुलडोजर किसी का नहीं है। सत्ता बदलने पर बुलडोजर का रूख भी बदल जाएगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री के रोड शो के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस फोर्स और अर्द्ध सैनिक बल तैनात रहा।
रोड शो के बाद सासनीगेट स्थित एक होटल में पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि अलीगढ़ में रोड शो के दौरान उन्हें जो अपार जनसमूह का समर्थन मिला है। जिससे साफ नजर आ रहा है कि अलीगढ़ का अगला मेयर सपा का ही होगा। अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी का कई वर्षों पूर्व दर्जा मिल चुका हैं, लेकिन महानगर में कोई भी काम नहीं कराया गया है चारों ओर गंदगी का अंबार होने के साथ शहर वासियों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। नाले- नाली कूड़ो से भरे हुए है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत मानकों के अनुसार विकास नही कराया गया है। अलीगढ़ तहजीब और तालीम का शहर है, जो सुविधा अलीगढ़ वासियों को मिलनी चाहिए। वह सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं । ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं । लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है, टॉपर ड्रेनेज सिस्टम की कोई व्यवस्था नहीं है । उन्होंने कहा आज महंगाई चरम सीमा पर है । खाद्यान्न, बिजली, डीजल, पेट्रोल महंगे हो गए हैं ।जिससे चारों तरफ हर व्यक्ति परेशान है। भाजपा भ्रष्टाचारियों और अराजक लोगों का दल है जो सिर्फ जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है। भाजपा ने किसान मजदूर गरीबों से झूठे वादे किए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में उचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे लोग गांव छोड़कर शहर की ओर रूख कर रहे हैं। अगर गांव में सही सुविधाएं दी जाएं लोग शहर की तरफ नहीं भागेंगे। जनता पूरी तहर से त्रस्त हो चुकी है और भाजपा को हराने का मन बना चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अलीगढ़ में ताले की बात करके गए, अब जनता ही उन्हें बताएगी ताला कहां लगाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि पूर्व की सरकारों ने युवाओं के हाथ में तमंचा पकड़ा दिया, तो शायद भूल गए वह जिस टेबलेट की बात कर रहे हैं, सपा सरकार में युवाओं के हाथों में लैपटॉप दिए गए थे। भाजपा लोगों में नफरत पैदा करना तोड़फोड़ करना पसंद करती है और गलत भाषा शैली का उपयोग करती है । लेकिन समाजवादी पार्टी लोगों के बीच भाईचारा फैलाने के साथ प्यार की बात करती है। आज भाजपा सबसे ज्यादा गलत काम कर रही है । अभी जीएसटी के छापे पड़े हैं, वह कुछ लोगों को चिन्हित करके डाले गए हैं इस बात से ही भाजपा की नीयत और नीति का अंदाजा लगाया जा सकता है । कानून व्यवस्था बिल्कुल चौपाट हो गयी है। उन्होंने कहा भाजपा में इंजन से इंजन टकरा रहा है। सपा में तो छोटी मोटी समस्या होगी उसे सुलझा लिया जाएगा। अलीगढ़ की पहचान शिक्षा से है आज अलीगढ़ को साफ सफाई व्यवस्था के साथ-साथ और भी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलनी चाहिए। जब से भाजपा सत्ता में आई है तब से महंगाई चरम पर आ गई है। 100 नंबर को 112 कर दिया है। भाजपा अब दिवालिया पार्टी हो चुकी है । उनको चुनाव लड़ने के लिए अपनी पार्टी का कोई कार्यकर्ता नहीं मिला तो शाहजहांपुर में चुनाव लड़ाने के लिए सपा के कार्यकर्ता को ले गए। वर्तमान समय में तालाबों ,पोखर पर कब्जा करने का काम भाजपाई कर रहे हैं और और फर्जी नक्शे से बनाने का कार्य भाजपाई ही कर रहे हैं। सपा जातीय जनगणना के पक्ष में है और जातीय जनगणना होने से ही परस्पर समानता बनी रहेगी। सबका साथ सबका विकास जातीय जनगणना के उपरांत ही हो सकता है। जातीय जनगणना होने से डॉक्टर लोहिया और डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की सोच पूरी होगी और समाज आगे बढ़ेगा।
