शिक्षामित्र एसोसिएशन की ब्लाॅक कार्यकारणी हुई गठित
इगलास। कस्बा में बीआरसी कार्यालय पर आदर्श समायोजित शिक्षक/शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बुधवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक संघ के मांडलिक मंत्री राजेश कटारा व संचालन भूरी तौमर ने किया। बैठक में जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा के प्रस्ताव पर ब्लाॅक कार्यकारिणी के पुन: गठन किया गया। जिसमें सर्व सम्मति से ब्लाॅक अध्यक्ष अनिल वर्मा, मंत्री मुकेश रावत, कोषाध्यक्ष कौशल किशोर उपाध्याय, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष भूरी तौमर, मंत्री तृप्ति तिवारी को चुना गया। चुने गए पदाधिकारियों ने संगठन में विश्वास रखते हुए ब्लाॅक स्तर पर शिक्षामित्रों की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।
मांडलिक मंत्री ने कहा कि शिक्षामित्र हमारे साथी है। प्राथमिक शिक्षक संघ उनकी हर लड़ाई में साथ खड़ा हुआ है। जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों को बधाई देते हुए जल्द ब्लाक कमेटी का गठन करने की बात कही। बैठक के बाद शिक्षामित्रों ने बीईओ लाल बाबू द्विवेदी से भेंट कर समस्याओं को रखा। जिलाध्यक्ष ने बीईओ से शिक्षामित्रों के संबंध में कार्रवाई से पहले जांच कराए जाने की बात कही। बीईओ ने उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर योगेंद्र शर्मा, हरगोविंद शर्मा, अनीता कुमारी, ऊदल सिंह, राजेश कौशल, राजेंद्र सिंह, ममता, संगीता, कविता, भावना आदि थे।
रालोद नेता ने दी धरने की चेतावनी
इगलास। रालोद के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय जाट महासभा के मंडल अध्यक्ष नवाब सिंह छौंकर का कहना है कि ग्राम वासफतेली विद्युत उपकेंद्र गोरई के अंतर्गत आता है। गांव में ट्रांसफार्मर फुक गया था जिसे क्षमता वृद्धि हेतु 11 केवीए से 16 केवीए के लिए भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया है कि अधिकारियों की मानसिकता खराब होने के कारण क्षमता वृद्धि किए बिना ही ट्रांसफार्मर रखवा दिया है। वह भी क्षतिग्रस्त अवस्था में है। भार अधिक होने के कारण यह कभी भी फुंक सकता है। ट्रांसफार्मर 22 अक्टूबर को फुका था उस समय अधिकारियों ने क्षमता वृद्धि के लिए फाइल भेजने की बात कहते हुए काफी समय तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला। रालोद नेता का कहना है कि यदि विद्युत विभाग की यही लापरवाही रही तो शीघ्र अधिशासी अभियंता चतुर्थ इगलास के यहां धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
पहले दिन हुआ अध्यक्ष पद का एक नामांकन
इगलास। दी सिविल एंड क्रिमिनल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में पहले दिन एक नामांकन जमा किया गया। वहीं अन्य पदों के लिए भी एक-एक नामांकन दाखिल हुआ है। गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन है। बार के चुनाव अधिकारी सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए बनवारी लाल शर्मा, सचिव के लिए प्रेमशंकर उपाध्याय, सह सचिव के लिए लिखेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष के लिए मनोज कुमार व सदस्य के लिए श्यामवीर सिंह, मोहित कुमार शर्मा द्वारा नामांकन किया गया है। उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर को 12 बजे तक नामांकन की जांच व दो से शाम चार बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया होगी। किसी पद पर एक से अधिक नामांकन आने पर मतदान होगा। 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके आधा घंटे बाद मतगणना पूर्ण कराकर परिणाम घोषित किया जाएगा।