गभाना में पिस्टल अनलॉक करने के दौरान चली गोली, सिपाही की मौत, दारोगा गंभीर घायल
- मुखबिर की सूचना पर गोकशों को पकड़ने के लिए गई थी पुलिस टीम
गभाना। क्षेत्र के कलुआ चौकी के गांव सुमेरपुर में अमरौली मार्ग पर बुधवार रात में सूचना पर गोकशों को पकड़े के लिए दबिश देने पहुंची टीम के दारोगा की पिस्टल में मैग्जीन फंस गई। इस दौरान दूसरे दारोगा पिस्टल को अनलॉक करने का प्रयास करने लगे। तभी अचानाक से गोली चल गई। गोली दारोगा के पेट में लगते हुए एसओजी के सिपाही के जा लगी। जिसमें सिपाही की मौत हो गई। जबकि दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
मृतक सिपाही याकूब फ़ाइल फोटो
एसएसपी संजीव सुमन के अनुसार बीती आठ जुलाई की रात में गभाना क्षेत्र के गांव सुमेरपुर में अमरौली रोड पर गोकशी की घटना हो गई थी। गोकशों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई थी। बुधवार देर रात में मुखबिर ने सूचना दी कि गोकश फिर से गोकशी की घटना को अंजाम देने वाले हैं। जिस पर गभाना थाना के अलावा थाना गांधीपार्क व एसओजी की संयुक्त टीम बनाकर गोकशों की गिरफ्तारी के लिए मौके पर भेजी गई। दबिश के दौरान टीम में मौजूद पुलिसकर्मी अपनी-अपनी पिस्टल लोड करने लगे। इसी बीच भरतरी चौकी प्रभारी अजहर हसन की पिस्टल फंस गई। काफी कोशिश के बाद जब पिस्टल ठीक न हो सकी तो गांधीपार्क में तैनात दारोगा राजीव कुमार ने पिस्टल को अपने हाथ में ले लिया और उसे अनलॉक करने का प्रयास करने लगे। तभी अचानक से गोली चल गई। गोली दारोगा राजीव कुमार के पेट से पार होते हुए एसओजी के सिपाही याकूब के सिर पर जा लगी। जिससे दारोगा पर सिपाही लहुलुहान हालत में जमीन पर गिर पड़े। दो पुलिसकर्मियों के गोली लगने से वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने सिपाही याकूब को मृत घोषित कर दिया। जबकि दारोगा राजीव कुमार की हालत गंभीर देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। जहां पर दारोगा की हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार सिपाही याकूब मूलरूप से मैनपुरी के कुरावली के रहने वाले थे। वह हाल में सिविल लाइन के जमालपुर हमदर्द नगर में रह रहे थे। उन्होंने अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है। 
घायल दारोगा राजीव कुमार
सलामी के साथ दी गई अंतिम विदाई
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि पुलिस परिवार के सिपाही याकूब को पुलिस लाइन में सम्मान एवं सलामी के साथ अंतिम विदाई दी गई। शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही परिवार को पुलिस परिवार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया गया है।