कार ने दो बाइकों में मारी टक्कर, देवरानी-जिठानी की हुई मौत
- गमी में शामिल होकर अलीगढ़ लौट रही थी मृतका, दूसरी बाइक सवार मां-बेटा भी गंभीर रूप से हुए घायल
गभाना। हाईवे पर पैराई ओवरब्रिज पर कार ने दो बाइकों को रौंद दिया। हादसे में एक बाइक सवार देवरानी-जिठानी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके बेटा समेत दूसरी बाइक पर सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मृतका चंडौस से एक गमी में शामिल होकर बेटा के साथ बाइक से अलीगढ़ के लिए लौट रही थी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंसों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भिजवा दिया है।
चंडौस में बच्चे की मौत में शामिल होकर लौट रहे थे
थाना सिविल लाइन के मौलाना आजाद नगर जमालपुर निवासी जाहिद पुत्र भूरे खां की बहन कस्बा चंडौस में रहती है। सोमवार को उनकी बहन के जेठ रहीश खान के छह वर्षीय बेटा अमन की स्कूल जाते समय एक स्कूल की गाड़ी की टक्कर से मौत हो गई थी। जाहिद अपनी मां गुल्लो व चाची रहीशन उर्फ माया पत्नी आस मोहम्मद के साथ गमी में शामिल होने के लिए कस्बा चंडौस आए थे। जहां से वह रात में करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से अलीगढ़ के लिए लौट रहे थे। जैसे ही वह हाईवे पर पैराई ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आ रही स्कार्पियो कार ने उनकी बाइक के अलावा आगे चल रही दूसरी बाइक में टक्कर मार दी।
देवरानी-जिठानी की मौके पर हुई मौत, मां-बेटा भी घायल
कार की टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घसीटते हुए काफी दूर तक चली गई। हादसे में एक बाइक सवार 50 वर्षीय गुल्लो व उनकी 45 वर्षीय देवरानी रहीशन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि जाहिद के अलावा दूसरी बाइक सवार मुनेश चौहान पुत्र सतवीर चौहान व उनकी मां ऊषा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहीं दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया है।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
हादसे की सूचना पाकर मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गुल्लो पांच बच्चों की मां थी, जबकि रहीशन छह बच्चों की मां थी। इस संबंध में इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि कार की टक्कर से बाइक सवार दो महिलाओं की मौत हो गई है, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया है। कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।