व्यापारी का संदिग्ध हालातों में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
- परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी
चंडौस। कस्बा मे डाबर रोड पर रहने वाले व्यापारी का शव संदिग्ध हालातों में घर में पड़ा हुआ मिला। व्यापारी अकेले घर पर रहकर खल-चूनी की दुकान चलाते थे, जबकि अन्य परिवारीजन दिल्ली में रहते थे। कान के पास चोट के निशान देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
क्षेत्र के गांव भोजपुर निवासी 65 वर्षीय रमेश चंद्र गुप्ता उर्फ भूरा सेठ कस्बा में डाबर रोड पर पिछले कई सालों से घर बनाकर खल-चूनी की दुकान चलाते थे। उनकी पत्नी काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी थी, जबकि उनके बच्चे दिल्ली में रहते थे। उनके घर में एक किराएदार रहता है। शुक्रवार जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर न निकले तो किराएदार ने जाकर देखा तो रमेश चंद्र मृत हालात में बैड पर पड़े हुए थे।
उनके कान के पास चोट जैसे निशान थे। जिसे देख किराएदार की चीख निकल पड़ी। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस के अलावा एएसपी अमृत जैन, डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच करने के साथ ही साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया। मामले मृतक व्यापारी के छोटे भाई मेघराज गुप्ता ने हत्या की आशंका जताते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध मे इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विज्ञापन
