वोल्वो बस में कैंटर ने मारी टक्कर, दो यात्रियों की हुई मौत, आधा दर्जन लोग हुए घायल
- अलीगढ़-पलवल मार्ग पर कमालपुर के समीप बुधवार तड़के हुआ हादसा
अलीगढ़। थाना टप्पल क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव कमालपुर के पास सड़क किनारे खड़ी वोल्वो बस में कैंटर ने जाेरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत आधा दर्जन सवारियां घायल हो गई। जिन्हें पुलिस ने उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मिली जानकारी के अनुसार एक वोल्वो बस दिल्ली से सवारियों को लेकर फर्रुखाबाद जा रही थी। बुधवार तड़के करीब चार बजे चालक ने बस को अलीगढ़-पलवल मार्ग पर गांव कमालपुर के समीप सवारियों को सड़क किनारे रोक दिया। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रहे कैंटर ने बस से लघुशंका को उतरे दो यात्रियों को कुचलते हुए बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों यात्रियों की मौके पर मौत हो गई।
जबकि बस व कैंटर सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को खैर स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल मलिखान सिंह के लिए रेफर कर दिया।
एक मृतक की हो सकी शिनाख्त
सीओ खैर राजीव द्विवेदी ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। जिसमें से एक युवक की शिनाख्त एटा के अलीगंज के मोहल्ला गुलाम हुसैन निवासी 25 वर्षीय सचिन पुत्र पप्पू के रूप में हुई है। जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस टीम मृतक के शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
हादसे में ये हुए घायल
धीरेंद्र पुत्र विजय सिंह निवासी अगौनापुर, अलीगंज (एटा) शिवम पुत्र सुभाष चंद्र, 5 वर्षीय प्रिया पुत्री सुभाष निवासी कलेपुरा थाना चौघड़िया (इटावा), नीरज पुत्र जहर सिंह निवासी नगला तारा एलाऊ (मैनपुरी) अखिलेश पुत्र रामेश्वर नवाबगंज फर्रुखाबाद हादसे में घायल हो गए।