कार ने मोपेड में मारी टक्कर, तीन युवकों की हुई मौत
हरदुआगंज क्षेत्र में गांव बरौठा के निकट देर रात में हुआ हादसा
अलीगढ़। हरदुआगंज क्षेत्र में गांव बरौठा के निकट कार ने मोपेड सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद तीनों मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार भवनगढ़ी के माजरा चेंडौली निवासी ग्राम प्रधान हरप्रसाद के बेटे का रविवार को अलीगढ़ के डोरीनगर में सगाई समारोह था। जिसमें शामिल होने के लिए गांव के ही 40 वर्षीय भूप सिंह, 19 वर्षीय अभिषेक पुत्र रामबाबू तथा प्रधान का 24 वर्षीय भतीजा विजेंद्र पुत्र रामपाल भी गए थे। समारोह खत्म होने के बाद तीनों मोपेड से गांव लौट रहे थे। तभी गांव बरौठा के समीप सामने से आ रही कार ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां पर तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सोमवार को तीनों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के तीनों मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।