दूधिया का कार सवारों ने किया अपहरण का प्रयास
लोधा। रोरावर थाना क्षेत्र में हाईवे खेरेश्वर चौराहे के पास कार सवार युवकों ने बाइक सवार दूधिया का अपहरण करने का प्रयास किया। दूधिया के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जिन्हें देख अपहर्ता मौके से भाग गए। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार अतरौली थाना क्षेत्र के गांव मलहपुर निवासी नरेंद्र सिंह पिछले कई सालों से रोरावर क्षेत्र में खेरेश्वर के पास अपना घर बनाकर रह रहे हैं। वह डेयरी चलाते हैं। जिसमें उनका छोटा बेटा अरबिंद कुमार भी हाथ बंटाता है। मंगलवार शाम को अरबिंद दूध लेकर बाइक से अलीगढ़ जा रहा था। तभी गली से बाहर निकलते ही पीछे से आए कार सवार करीब छह लोगों ने उसे रोक लिया। इस दौरान कार सवार युवक अरविंद को जबरन कार में डालने लगे। अरविंद ने पास में खड़े ट्रक को कसकर पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीणों मौके पर एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकरकर कार सवार मौके से भाग गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कार सवारों की तलाश शुरू कर दी है।
————-
खड़े ट्रक में बाइक घुसी, चाचा-भतीजे हुए घायल

लोधा। अलीगढ़-पलवल मार्ग गांव ल्होसरा के निकट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार खैर के मोहल्ला मस्जिद वाली गली निवासी चमन मोहम्मद मंगलवार शाम को बाइक से भतीजे सारिक के साथ अलीगढ़ से खैर लौट रहे थे। जैसे ही वह अलीगढ़-पलमार्ग पर गांव ल्हौसरा के निकट पहुंचे तभी पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पर यूपी डायल-112 की पीआरवी 4051 मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है।