परिजन गए घूमने, छात्र ने पंखे पर लटककर दे दी जान
- महुआखेड़ा के ग्रीन पार्क अपार्टमेंट की घटना, मृतक छात्र ने छोड़ा सुसाइट नोट
अलीगढ़। थाना महुआखेड़ा के एटा चुंगी बाईपास स्थित ग्रीन पार्क अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त परिजन मसूरी घूमने गए हुए थे। मृतक छात्र ने सुसाइट नोट भी छोड़ा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

माता-पिता गए थे मसूरी घूमने
अमित निर्मल चार्टर्ड एकाउंटेंट (CA) हैं और उनका एटा चुंगी बाईपास स्थित ग्रीन पार्क अपार्टमेंट में फ्लेट हैं। जिसमें वह परिजनों के साथ रहते हैं। अमित निर्मल शनिवार को पत्नी के साथ मसूरी घूमने गए हुए थे। जबकि उनका छोटा बेटा लक्ष्य भी स्कूल के टूर पर पुणे घूमने गया हुआ है। उनका 16 वर्षीय बेटा दक्ष सिंह राठौर जो कि 11 वीं कक्षा का छात्र था, वह घर पर अकेला रह गया था। सोमवार रात्रि में करीब 11 बजे दक्ष ने माता-पिता से फोन पर बात भी की। जिस पर पिता ने उससे कुछ ही घंटों में घर पहुंचने की बात कही।
दरवाजा न खुलने पर हुआ शक
सोमवार रात्रि में करीब एक बजे अमित निर्मल व उनकी पत्नी मसूरी से फ्लैट पर पहुंचे। उन्होंने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन काफी देर बाद भी दक्ष ने दरवाजा नहीं खोला। जिस पर दोनों को शक हुआ। उन्होंने दूसरे फ्लैट के की बालकनी से चढ़कर फ्लैट का दरवाजा खोला। जहां पर उनका बेटा दक्ष पंखे पर लगे फंदे पर लटका हुआ मिला। जिस पर उनके होश उड़ गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस दक्ष को फंदे से नीचे उतरा। परिजन दक्ष को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

आई एम सॉरी मम्मी-पापा
पुलिस को दक्ष के कमरे से गेम चलता हुआ लैपटॉप व सुसाइट नोट मिला है। जिसमें उसने लिखा आई एम सॉरी मम्मी-पापा, आई हैव लेट यू डाउन ( मैने आपको नीचा दिखाया है) पुलिस ने मृतक के कमरे में मिले सभी सबूतों को एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
सीओ द्वितीय पुनीत द्विवेदी ने बताया कि मृतक के पास मिले सुसाइड नोट व लैपटॉप तथा मोबाइल की कॉल डिलेट चैक की जा रही है। परिजन भी छात्र के आत्महत्या करने का कारण नहीं बता पा रहे हैं और न ही उन्होंने किसी पर कोई आरोप लगाया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।