पशु व्यापारियों को तमंचे के बल पर बदमाशों ने दिन-दहाड़े लूटा
अतरौली। थाना क्षेत्र में विनामई व कुंजलपुर के पास बदमाश तमंचे की नौंक पर दिन-दहाड़े पशु व्यापरियों से मारपीट करते हुए रुपये लूटकर फरार हो गए। दिन दहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मारपीट में घायल व्यापारियों को उपचार को सीएसी में भर्ती कराने के साथ ही बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित व्यापारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है।
पशुओं की खरीद फरोख्त करते हैं व्यापारी
अतरौली कस्बा के मुहल्ला कस्साबान निवासी शकील पुत्र जहूर खान और इरफान खान पुत्र बुंदू खान पशु व्यापारी हैं। यह जानवरों की खरीद फरोख्त का काम करते हैं। शनिवार को भी यह पशु खरीदने के लिए एक साथ घर से एक पर निकले।
वह क्षेत्र के गांव बिनामई गए, लेकिन यहां इनका सौदा नहीं बना। जिस पर दोनों कस्बा लौट रहे थे। जैसे ही वह विनामई व कुंजलपुर के मध्य पहुंचे तभी दो बाइक सवार चार बदमाशों ने इन्हें घेर लिया और तमंचों के बल पर दिन दहाड़े 35 हजार रुपये लूट लिए।
व्यापारियों ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर डाली। शोर-शराबा सुनकर आस-पास के लोग एकत्रित जिन्हें देखकर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। दिन दहाड़े लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कस्बा स्थित सीएचसी में भर्ती कराने के साथ ही बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
सीओ मोहसिन खान ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है, साथ ही आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चैक की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया जाएगा।