गभाना में इलैक्ट्रिक बसों का संचालन कराने को कमिश्नर से मिले चेयरमैन
गभाना। चेयरमैन गभाना कुंवर अभिमन्युराज सिंह ने सोमवार को कमिश्नर रविंद्र से मुलाकात कर जिला मुख्यालय से गभाना तहसील मुख्यालय तक इलेक्ट्रिक बसों का फिर से संचालन कराने की मांग करने के साथ ही विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत कराया।
बता दें कि क्षेत्रीय ग्रामीणों की लंबे समय से कस्बा में रोडवेज बसों के ठहराव व इलेक्ट्रिक बसों को चलवाने की मांग चली आ रही है। जिस पर शासन प्रशासन ने शुक्रवार को सारसौल से गभाना तहसील मुख्यालय तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कराया था। इलेक्ट्रिक बसों के शुरू हो जाने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी। ग्रामीणों ने मिष्ठान का वितरण करते हुए शासन प्रशासन व चेयरमैन के प्रयासों की जमकर सराहना की थी।
शनिवार दोपहर बाद ही अचानक से इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद हो गया। जिससे ग्रामीणों में मायूसी छा गई। मामले को लेकर सोमवार को चेयरमैन अभिन्युराज सिंह ने कमिश्नर रविद्र कुमार से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंतशील समस्या से अवगत कराया। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों का गांधीपार्क बस स्टैंड से तहसील मुख्यालय तक कराने तथा कस्बा स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सौंदर्यीकरण कराकर रोडवेज बसों के ठहराव व कर्मचारियों के नियुक्ति कराने की मांग की। जिस पर कमिश्नर ने जल्द ही समस्याओं का समाधान कराने का अश्वासन दिया है।