इगलास कस्बा में जाम की समस्या बनी आम, लोग परेशान
इगलास। कस्बा में जाम की समस्या आम हो गई है। जैसे ही शादियों का सीजन शुरू होता है, सड़कों पर वाहनों की भीड़ उमड़ने लगती है। शादी समारोहों के लिए किए जाने वाले भारी खरीदारी और अतिथियों की आवाजाही से यातायात अवरुद्ध हो जाता है। अपर्याप्त पार्किंग स्थान स्थिति को और खराब कर देते हैं। सड़कों पर वाहनों की कतार लंबी हो जाती हैं, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में घंटों लग जाते हैं।
इगलास कस्बा में जाम की समस्या कोई नई बात नहीं है, लेकिन यह समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। शादी का सीजन शुरू होते ही रास्ते संकरे नजर आने लगते हैं। कस्बा के मुख्य बाजार में तो गाड़ी लेकर ताे दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय पुलिस अपनी पूरी कोशिश कर करके जाम खुलवाने की कोशिश करती है लेकिन वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करना उनके लिए भी मुश्किल होता है। ऐसा नहीं है कि रोड पर जगह कम हो लेकिन अपर्याप्त पार्किंग स्थल, हथठेल वालों के लिए उचित स्थान न होना, डग्गामार वाहनों का सड़क पर खड़े होना, अव्यवस्थित तरीके से रोड के सहारे लगे बिजली के पोल जाम का मुख्य कारण हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस, प्रशासन से जाम की समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।